ICC World Cup 2023: देश में डिजिटल की दुनिया तेजी से बढ़ रही है। एक समय ऐसा था कि भारतीय क्रिकेट प्रेमी टीवी के सामने चिपके रहते थे। गलियों में सन्नाटा पसर जाता था। किसी दुकान में टीवी में मैच चल रहा हो तो लोगों को हुजूम उमड़ पड़ता था। लेकिन अब डिजिटल का जमाना है। चलते फिरते मैच का आनंद उठा सकते हैं। कुछ ऐसे ही एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार (5 नवंबर) को खोले गए मैच में लाइव स्ट्रीमिंग का नया रिकार्ड बना। कोलकाता के ईडन गार्डन पर हुए मैच को डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+ Hotstar) पर 4.4 करोड़ लोगों ने लाइव मैच देखा।
मैच के दौरान पूरा स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। जहां मैदान पर इस मैच का क्रेज बना रहा। वहीं ऑनलाइन OTT प्लेटफॉर्म पर भी इस महामुकाबले को रिकॉर्ड तादाद में लोगों ने लाइव देखा। विश्व कप के इस मुकाबले ने व्यूअरशिप के मामले में सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
डिज्नी+हॉटस्टार ने यूजर्स को दिया धन्यवाद
नया रिकार्ड बनने के बाद ICC क्रिकेट विश्व कप 2023 की स्ट्रीमिंग करने वाले प्लेटफॉर्म डिज्नी+हॉटस्टार ने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। इससे पहले 22 अक्टूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच के दौरान 4.3 करोड़ दर्शकों ने डिज्नी+हॉटस्टार पर लाइव मैच देखा था। इससे पहले अहमदाबाद में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मैच को डिज्नी+हॉटस्टार पर 3.5 करोड़ दर्शकों ने लाइव देखा था। वॉल्ट डिज़नी की वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा डिज्नी+हॉटस्टार प्लेटफॉर्म में 14 अक्टूबर को भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दौरान 3.5 करोड़ लोगों ने लाइव मैच देखा था। बता दें कि विश्व मैचों के ब्रॉडकास्ट राइट्स स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। इसके अलावा फैंस डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नए स्ट्रीमिंग रिकॉर्ड और विराट कोहली की सेचुरी की तारीफ की। वैष्णव ने कहा कि वैसे देखा जाए तो ये डिजिटल इंडिया का ही कमाल है। भारत में डेटा की कीमत सबसे कम है। यह डिजिटल इंडिया का ही कमाल है।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
बता दें कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया के अजेय रहने का सिलसिला जारी है। भारत विश्व कप की लिस्ट में टॉप पर है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को दूसरी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, यह टीम भी पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन यह हार दक्षिण अफ्रीका के मनोबल के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है।