ICC World Cup 2023 Schedule: भारत इस बार ODI World Cup 2023 होस्ट करने जा रहा है। ODI World Cup 2023 के पूरे शेड्यूल का इंतजार करने वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है। ICC ने वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें भारत, पाकिस्तान सहित सभी टीमों के मैच और स्टेडियम की अपडेट दी गई है। भारत-पाकिस्तान की पहली भिड़ंत 15 अक्टूबर 2023 को अहमदाबाद स्टेडियम में होगी। 5 अक्टूबर से ODI वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा है जिसका पहला और आखिरी मैच अहमदाबाद में ही खेला जाएगा।
कब, कहां और कैसे होगी भिड़ंत
भारत का पहला मैच जहां ऑस्ट्रेलिया के साथ 8 अक्टूबर को चेन्नई में होगा वहीं पाकिस्तान अपना पहला मैच हैदराबाद में क्वालिफायर 1 के खिलाफ खेलेगी। 15 अक्टूबर से पहले दोनों देशों की टीमें दो-दो मैच खेल चुकी होंगी, ये उनकी इस वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के साथ पहली भिड़ंत होगी। इसी दिन पाकिस्तानी टीम के कप्तान बाबर आजम का जन्मदिन भी है। पाक कप्तान के लिए ये दिन काफी खास होने वाला है। एक वक्त था जब PCB अहमदाबाद में मैच खेलने से इनकार कर रही थी। खैर अब वो जीत का इरादा लेकर टूर्नामेंट में उतरने वाली है।
एक तरफ भारत है जिसके पास ODI वर्ल्ड कप की दो ट्रॉफीज हैं और दूसरी ओर पाकिस्तान है जो अब तक सिर्फ एक बार ये ट्रॉफी जीत पाया है। इंडिया ने कपिल देव और एमएस धोनी की मेजबानी में 1983 और 2011 में ODI World Cup जीता था। पाकिस्तान ने ये ट्रॉफी 1992 में जीती थी। भारत 12 साल के ट्रॉफी के इस सूखे को दूर करने के इरादे से इस बार ODI वर्ल्ड कप में खेलेगा। वहीं पाकिस्तान का मकसद है कि एक बार फिर 1992 की जीत रिपीट की जाए।
ICC रैंकिंग में दोनों देश
ICC ODI रैंकिंग की बात करें तो पहले पायदान पर ऑस्ट्रेलिया, दूसरे पर पाकिस्तान और तीसरे पर भारत है। ODI बैटिंग की रैंकिंग में बाबर आजम नंबर एक पर हैं इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर फकर जमान चौथे पर इमाम उल हक और पांचवें पर इंडियन क्रिकेटर शुभमन गिल है। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज नंबर 2 और पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी आठवें पायदान पर हैं। भारत की सरजमीं पर क्या मेजबान टीम फिर इतिहास रचेगी इसका इंतजार देशभर के फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।