India vs England: भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) विशाखापत्तनम में दो फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। जडेजा को रविवार को पहले टेस्ट के खेल के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। जबकि लोकेश राहुल ने दाईं जांघ में दर्द की शिकायत की है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "रविंद्र जडेजा और लोकेश राहुल इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में दो फरवरी 2024 से होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे।"
विज्ञप्ति के अनुसार, "BCCI की मेडिकल टीम दोनों खिलाड़ियों की प्रगति पर नजर रख रही है।" चयन समिति ने मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) और बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार (Sourabh Kumar) तथा ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) को दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है। पहले टेस्ट में 28 रन की हार के बाद भारत पांच मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे चल रहा है।
अहमदाबाद में इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ होने वाले तीसरे और अंतिम बहुदिवसीय मुकाबले के लिए वाशिंगटन सुंदर के विकल्प के तौर पर सारांश जैन को भारत A टीम में शामिल किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया, "आवेश खान मध्य प्रदेश की अपनी रणजी टीम के साथ रहेंगे और जरूरत पड़ने पर टेस्ट टीम से जुड़ेंगे।"
बता दें कि सरफराज खान इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज का हिस्सा थे। उन्होंने अहमदाबाज में खेले गए पिछले मुकाबले में 161 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, वाशिंगटन सुंदर ने इस मैच में दो विकेट लिए और अर्धशतक भी जमाया था।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:-
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएस भरत, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, आवेश खान, रजत पाटीदार, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर और सौरभ कुमार।