India vs New Zealand highlights 2nd T20I: करिश्माई बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की नाबाद 111 रनों की शतकीय पारी और दीपक हुड्डा (10 रन पर चार विकेट) की घातक गेंदबाजी से भारत (India) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को रविवार को दूसरे टी20 में 65 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहला मैच बारिश से धुल जाने के बाद दूसरे मैच में सूर्य की आंधी चली जिन्होंने मात्र 51 गेंदों में 11 चौके और 7 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 111 रन ठोके। भारत ने 191/6 का मजबूत स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 18.5 ओवर में 126 रन पर समेट दिया।
दीपक हुड्डा ने 19वें ओवर में चार गेंदों के अंदर तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी को समेट दिया। सूर्य ने मैच में सबसे अधिक रन बनाए और साथ ही वह नाबाद भी रहे। वह इस मैच में पूरी तरह हावी रहे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
मौच के बाद सूर्यकुमार ने एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा कि मैं हमेशा याद करता हूं कि 2-3 साल पहले क्या स्थिति थी। उस समय थोड़ा निराश था पर उस समय भी यही सोचता था कि इसमें से अच्छा क्या निकाला जा सकता है, एक बेहतर क्रिकेटर कैसे बन सकता हूं। उस समय जो चीजें मैंने की थी उसी का फल मुझे अब मिल रहा है।
शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव के शतक की बदौलत भारत ने रविवार को दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 191 रन बनाए। सूर्यकुमार ने अपने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय शतकीय पारी के लिए 51 गेंद खेलीं, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के जड़े थे। उनके अलावा ईशान किशन ने 36 रन का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने हैट्रिक लगाई, जिन्होंने चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन ने दो और ईश सोढ़ी ने एक विकेट प्राप्त किया। सूर्यकुमार यादव ने नियमित कप्तान रोहित शर्मा के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सूर्यकुमार एक कैलेंडर इयर में टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में दो शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने यह रिकॉर्ड साल 2018 में बनाया था।