एशिया कप 2022 के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया ने हॉन्गकॉन्ग को 40 रनों से मात दे दी है। इसके साथ ही भारत ने सुपर-4 में अपना स्थान पक्का कर लिया है। टीम इंडिया की जीत के हीरो विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने सिर्फ 42 गेंदों पर 98 रन की शानदार पारी खेली।
193 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए हॉन्गकॉन्ग की टीम 5 विकेट पर 152 रन ही बना सकी। हॉन्गकॉन्ग की ओर से बाबर हयात ने सबसे ज्यादा 41 और किनचित शाह ने 30 रनों का योगदान दिया। हॉन्गकॉन्ग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
भारत ने पहले खेलते हुए 2 विकेट पर 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के तूफानी पारी के चलते भारत ने 20 ओवर में दो विकेट पर 192 रनों का स्कोर खड़ा कर हॉन्गकॉन्ग को 193 रनों का टारगेट दिया था।
सूर्यकुमार और कोहली का धमाका
सूर्यकुमार 26 गेंद पर 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी धमाकेदार पारी में 6 चौका और 6 छक्का लगाया। वहीं, विराट कोहली भी 44 गेंद पर नाबाद 59 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 1 चौका और 3 छक्का लगाया। रोहित शर्मा के तौर पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हो गए।
हॉन्गकॉन्ग के तेज गेंदबाज आयुष शुक्ला ने रोहित शर्मा का आउट कर भारत को पहला झटका दिया। रोहित शर्मा के बाद केएल राहुल भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। केएल राहुल को मोहम्मद गजानफर ने चलता कर दिया। राहुल ने 39 गेंद खेलकर 36 रन बनाए। सूर्यकुमार और कोहली ने 7 ओवर में 98 रन की नाबाद साझेदारी की।
हार्दिक पंड्या को दिया गया था आराम
पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत टीम इंडिया द्वारा एशिया कप के दूसरे और आखिरी लीग मैच में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ टीम में एक बदलाव किया गया था। पाकिस्तान के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक पंड्या को इस मैच में आराम दिया गया था।
कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि आगे के टूर्नामेंट के लिए हार्दिक पंड्या टीम के लिए जरूरी हैं, ऐसे में उन्हें आराम दिया गया है। पंड्या की जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया गया था। भारत की नजरें 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए सही टीम संयोजन तलाशने पर भी है।