India Squad Asia Cup 2022: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India -BCCI) ने एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 27 अगस्त से संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates -UAE) की धरती पर एशिया कप 2022 शुरू होने जा रहा है। एशिया कप 2022 का फाइनल 11 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। एशिया कप 2022 में भारत अपने अभियान की शुरुआत 28 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगा। बता दें कि इस साल T20 वर्ल्ड कप होना है। ऐसे में एशिया कप भी टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
KL राहुल और कोहली ने की वापसी
BCCI के 15 सदस्यों के चयन बोर्ड ने भारतीय स्क्वॉड को अंतिम रूप दिया है। भारतीय टीम में विराट कोहली और KL राहुल की वापसी हुई है। दरअसल विराट कोहली (Virat Kohli को इंग्लैंड दौरे के बाद आराम दिया गया था। अब एशिया कप 2022 में लंबे ब्रेक के बाद मैदान में वापसी कर रहे हैं। वहीं चयन समिति ने KL राहुल को भी टीम में जगह दी है। राहुल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से पहले चोटिल हो गए थे। फिर इसके बाद वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे। अब एशिया कप 2022 के लिए राहुल फिट हो गए हैं।
एशिया कप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, आर. अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान शामिल हैं।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के चलते टीम का पार्ट नहीं हैं। ऐसे में तीन खिलाड़ियों श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर को स्टैंडबाय के रूप में रखा गया है। BCCI ने ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दो विकेटकीपर का चयन किया है।
खास बात यह है कि एशिया कप के लिए BCCI ने तीन स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान और अर्शदीप सिंह को जगह दी है। वहीं चार स्पिन गेंदबाजों बिश्नोई, चहल, जडेजा और अश्विन को शामिल किया गया है। शायद UAE की स्पिनिंग कंडीशन्स को देखते हुए BCCI ने यह फैसला लिया है।