IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ आज कमियां दूर करने उतरेगी टीम इंडिया, जानें कब और कहां देखें मैच

फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी टीम इंडिया एशिया कप सुपर-4 में आज अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टी20 विश्वकप से पहले अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करेगी

अपडेटेड Sep 08, 2022 पर 4:57 PM
भारतीय टीम सुपर-4 राउंड में अभी तक अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाई है

फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी टीम इंडिया एशिया कप सुपर-4 में आज यानी गुरुवार को दुबई में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टी20 विश्वकप से पहले अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम सुपर-4 राउंड में अभी तक अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इसके अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ लगातार हार के लिए संसाधनों की कमी और खराब टीम चयन को भी दोषी ठहराया जा सकता है।

एशिया कप टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह अंतिम मैच है। इसलिए दोनों ही टीमें आज के मौच में जीत के साथ टूर्नामेंट में अपना सफर खत्म करना चाहेंगी। टीम इंडिया को पाकिस्तान के बाद श्रीलंका से हार मिली थी। वहीं, अफगानिस्तान को पहले श्रीलंका और फिर पाकिस्तान ने हरा दिया।

रणनीति में लचीलापन का अभाव


वर्तमान भारतीय टीम की रणनीति में लचीलापन का अभाव दिखता है। ऐसे में कोच राहुल द्रविड़ की नीतियों पर भी उंगलियां उठना लाजमी है। ऐसा लगता है कि द्रविड़ टीम चयन के मामले में कुछ कड़े फैसले लेने के लिए आतुर हैं, क्योंकि टीम के पास किसी भी रणनीति के लिए दूसरी योजना नजर नहीं आती है।

ये भी पढ़ें- PAK vs AFG: मैच हारने के बाद नाराज अफगानी फैंस ने पाकिस्तानियों की कर दी पिटाई, खिलाड़ियों में भी आई मारपीट की नौबत

ऐसी परिस्थितियों में उसे उस अफगानिस्तान का सामना करना है जिसके पास राशिद खान, मुजीब जादरान, मोहम्मद नबी, हजरतुल्लाह ज़ज़ई और रहमानुल्ला गुरबाज जैसे टी-20 के दमदार खिलाड़ी हैं। यह एक ऐसी टीम है जो कि अपने ‘पावर हिटर’ के दम पर 170 रन के लक्ष्य को भी हासिल कर सकती है और राशिद जैसे गेंदबाज की अगुवाई में विपक्षी टीम को कम स्कोर पर भी रोक सकती है।

इस टीम के खिलाफ एक ही बात जाती है कि उसे लगातार बड़ी टीमों का सामना करने का मौका नहीं मिलता है। उसके पास अनुभव की कमी है। लेकिन टी-20 ऐसा फॉर्मेट है जिसमें एक खिलाड़ी मैच का परिदृश्य बदल सकता है।

अफगानिस्तान के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। जहां तक भारत का सवाल है तो मुख्य कोच द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने और अन्य विकल्पों को आजमाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।

दिनेश कार्तिक को ऋषभ पंत या दीपक हुड्डा किसे मिलेगी जगह

यह देखना दिलचस्प होगा कि दिनेश कार्तिक को ऋषभ पंत या दीपक हुड्डा की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है या नहीं। हुड्डा को श्रीलंका के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया और बाद में उन्हें गेंदबाजी भी नहीं सौंपी गई। ऐसे में हुड्डा को टीम में शामिल करने के फैसले पर सवाल उठने लग गए।

इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ मैच से यह भी साबित हो गया कि भारत पांचवें एक्सपर्ट गेंदबाज के रूप में हार्दिक पंड्या पर ही निर्भर नहीं रह सकता है जिन पर ऑलराउंडर की अपनी भूमिका निभाने के लिए काफी दबाव है। बल्लेबाजों में रोहित ने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ सकारात्मक रवैया अपनाकर अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन कप्तान से शीर्ष तीन में बदलाव की उम्मीद की जा रही है।

डेथ ओवरों की खराब गेंदबाजी

भारत का पिछले दो मैचों में हार का कारण अनुभवी भुवनेश्वर कुमार की डेथ ओवरों की खराब गेंदबाजी रही। उन्होंने दोनों मैचों में 19वें ओवर में काफी रन लुटाए जिसके कारण दोनों मैच में युवा अर्शदीप सिंह को आखिरी ओवर में सात रन बचाने की मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ा। बता दें कि एशिया कप 2022 का समापन 11 सितंबर को दुबई में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबले के साथ होगा।

कब और कहां देखें मैच?

भारत और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप का तीसरा मुकाबला आज यानी गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और अफगानिस्तान का मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। वहीं, आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे टॉस होगा।

यह महामुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनल्स पर लाइव टेलीकास्ट होगा। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी यह मुकाबला लाइव देखा जा सकता है। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग भी उपलब्ध रहेगी। भारत बनाम अफगानिस्तान एशिया कप 2022 सुपर 4 मैच का सीधा प्रसारण डिज्नी+हॉटस्टार (Disney+Hotstar) पर किया जाएगा।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर।

अफगानिस्तान: मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह ज़दरान (उप कप्तान), अफसर ज़ज़ई, अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, फरीद अहमद मलिक, फ़ज़ल हक फ़ारूक़ी, हशमतुल्ला शाहिदी, हज़रतुल्लाह ज़ज़ई, इब्राहिम ज़दरान, करीम जनत, मुजीब उर रहमान, नजीबुल्लाह ज़दरान, नवीन उल हक, नूर अहमद, रहमानुल्ला गुरबाज, राशिद खान और समीउल्लाह शिनवारी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।