PAK vs AFG: मैच हारने के बाद नाराज अफगानी फैंस ने पाकिस्तानियों की कर दी पिटाई, खिलाड़ियों में भी आई मारपीट की नौबत

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं उसने क्रिकेट को शर्मसार कर दिया है। अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की जीत के बाद दोनों देश के दर्शक शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में ही आपस में भिड़ गए

अपडेटेड Sep 08, 2022 पर 3:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले में एक समय ऐसा भी आया था, जब खिलाड़ियों के बीच मारपीट की नौबत तक आ गई

PAK vs AFG: शादाब खान के हरफनमौला खेल और दबाव के क्षणों में नसीम शाह (4 गेंद में नाबाद 14 रन) के दो छक्कों की मदद से पाकिस्तान ने एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट के ‘सुपर फोर’ मैच में बुधवार को अफगानिस्तान को एक विकेट से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

कम स्कोर वाले इस बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला करने के बाद अफगानिस्तान को 6 विकेट पर 129 रन पर रोक दिया। अफगानिस्तान ने भी इस लक्ष्य के बचाव के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शादाब ने 4 ओवर में 27 रन देकर एक विकेट लेने के बाद 26 गेंद में 36 रन की अहम पारी खेली। उन्होंने इफ्तिखार अहमद (30 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन की अहम साझेदारी की। पाकिस्तान की इस रोमांचक जीत से अफगानिस्तान के साथ भारतीय टीम भी फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। 11 सितंबर को खेले जाने वाले फाइनल में पाकिस्तान के सामने श्रीलंका की चुनौती होगी।


स्टेडियम में ही भिड़ गए दोनों देशों के फैंस

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं उसने क्रिकेट को शर्मसार कर दिया है। अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की जीत के बाद दोनों देशों के दर्शक शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में ही आपस में भिड़ गए।

दर्शकों ने एक-दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी, नारेबाजी की और झंडे लहराए। इस दौरान कुछ अफगानिस्तानी फैंस ने पाकिस्तानी फैंस को पीटा भी। मैच हारने के बाद अफगानिस्तानी फैंस पाकिस्तानी फैंस को स्टेडियम में ही पीटते नजर आएं। साथ ही उन्होंने स्टेडियम की कुर्सियां भी उखाड़ फेंकी।

आसिफ और फरीद के बीच नोंकझोंक

इतना ही नहीं, फैंस से पहले पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले में एक समय ऐसा भी आया था, जब खिलाड़ियों के बीच भी मारपीट की नौबत आ गई। पाकिस्तानी क्रिकेटर आसिफ अली ने तो अफगानी बॉलर फरीद को मारने के लिए बैट तक उठा लिया। यह सारा माजरा कैमरे में भी कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

दरअसल, 19वां ओवर फेंकने आए फरीद की चौथी गेंद पर आसिफ ने छक्का जड़ दिया। अगली ही गेंद पर फरीद ने आसिफ को कैच आउट कराया। इस दौरान नॉन स्ट्राइकर एंड पर जा रहे आसिफ और फॉलो थ्रू में जा रहे फरीद टकरा गए। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को कुछ कहा और आसिफ ने फरीद को मारने के लिए बल्ला उठा लिया। बाद में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बीच बचाव के लिए आना पड़ा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।