IND vs AFG: विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 से हटे, अब रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें

India vs Afghanistan T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच सीमित ओवरों की पहली सीरीज के शुरूआती टी20 मैच में गुरुवार 11 जनवरी को सभी की नजरें वापसी कर रहे रोहित शर्मा पर टिकी होंगी, क्योंकि विराट कोहली 'निजी कारणों' से इस मुकाबले से हट गए हैं। टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने यह जानकारी दी

अपडेटेड Jan 10, 2024 पर 7:49 PM
IND vs AFG: कोहली हालांकि दूसरे और तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए उपलब्ध रहेंगे

India vs Afghanistan T20I: टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने बुधवार को मोहाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) व्यक्तिगत कारणों से अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में नहीं खेलेंगे। कोहली हालांकि दूसरे और तीसरे टी20 मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। द्रविड़ ने कहा कि विराट कोहली व्यक्तिगत कारणों से कल (11 जनवरी) के मैच में नहीं खेलेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान कोहली तीन मैचों की सीरीज के अगले दो मैच के लिए उपलब्ध होंगे।

द्रविड़ ने कहा कि गुरुवार को सीरीज के पहले मैच में यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा भारत के लिए पारी का आगाज करेंगे। बता दें कि रोहित और कोहली दोनों 14 महीने बाद टी20 प्रारूप में वापसी कर रहे हैं। कोहली के हटने के बाद भारत और अफगानिस्तान मैच में अब गुरुवार को सभी की नजरें वापसी कर रहे रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पर टिकी होंगी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करने से पहले भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने बताया कि कोहली 'पारिवारिक कारणों' से हट गए हैं।

14 महीने बाद हुई वापसी


रोहित और कोहली दोनों इस टी-20 सीरीज के साथ 14 महीने के बाद खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले तीन मैचों की यह सीरीज भारत के लिए आखिरी है। इससे अमेरिका तथा वेस्टइंडीज में होने वाले विश्व कप के लिए टीम संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी। वैसे अंतिम 15 का चयन IPL में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर होने की संभावना है, चूंकि वह विश्व कप से ठीक पहले होगा। द्रविड़ ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित युवा यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज करेंगे।

ये भी पढ़ें- National Sports Awards: मोहम्मद शमी को मिला अर्जुन अवॉर्ड, राष्ट्रपति मुर्मू ने इन खिलाड़ियों को भी किया सम्मानित

रोहित और वापसी के बाद कोहली का टीम में खेलना तय है। लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों बड़े स्कोर बनाकर तैयारी पुख्ता करना चाहेंगे। अफगानिस्तान टीम अपने स्टार स्पिनर राशिद खान के बगैर उतरेगी, जो नवंबर में कमर की सर्जरी के बाद से अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हैं। दूसरी ओर रोहित दर्शकों के चहेते हैं और उनके खेलने से भारी शीतलहर के बावजूद मोहाली में इस मैच को लेकर काफी रोमांच है। कप्तान रोहित पावरप्ले में वही आक्रामक अंदाज दोहराना चाहेंगे जो उन्होंने वनडे विश्व कप में दिखाया था।

इन पर भी रहेगी नजर

दक्षिण अफ्रीका में रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और मध्यक्रम में चोटिल सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या की गैर मौजूदगी में उनकी भूमिका अहम होगी। ईशान किशन टीम में नहीं है और विकेटकीपिंग के विकल्प जितेश शर्मा तथा संजू सैमसन होंगे। पिछली दो सीरीज में विकेटकीपिंग कर चुके जितेश को तरजीह मिलने की उम्मीद है। शिवम दुबे भी टीम में हैं और तेज गेंदबाज हरफनमौला के रूप में खेल सकते हैं। तेज गेंदबाजी का जिम्मा अर्शदीप सिंह, आवेश खान और मुकेश कुमार पर होगा। स्पिन का दारोमदार कुलदीप यादव संभालेंगे। जबकि दूसरे विकल्प का चयन अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर में से होगा।

टीमें इस प्रकार हैं:-

टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार।

अफगानिस्तान टीम : इब्राहिम जदरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, हजरतुल्लाह जजाइ, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जदरान, मोहम्मद कबी, करीम जन्नत, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, मुजीबुर रहमान, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद, नवीनुल हक, नूर अहमद, मोहम्मद सलीम, कैस अहमद, गुलबदन नायब , राशिद खान।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।