Get App

IND vs AFG: विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 से हटे, अब रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें

India vs Afghanistan T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच सीमित ओवरों की पहली सीरीज के शुरूआती टी20 मैच में गुरुवार 11 जनवरी को सभी की नजरें वापसी कर रहे रोहित शर्मा पर टिकी होंगी, क्योंकि विराट कोहली 'निजी कारणों' से इस मुकाबले से हट गए हैं। टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने यह जानकारी दी

Edited By: Akhileshअपडेटेड Jan 10, 2024 पर 7:49 PM
IND vs AFG: विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 से हटे, अब रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें
IND vs AFG: कोहली हालांकि दूसरे और तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए उपलब्ध रहेंगे

India vs Afghanistan T20I: टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने बुधवार को मोहाली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) व्यक्तिगत कारणों से अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में नहीं खेलेंगे। कोहली हालांकि दूसरे और तीसरे टी20 मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। द्रविड़ ने कहा कि विराट कोहली व्यक्तिगत कारणों से कल (11 जनवरी) के मैच में नहीं खेलेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व भारतीय कप्तान कोहली तीन मैचों की सीरीज के अगले दो मैच के लिए उपलब्ध होंगे।

द्रविड़ ने कहा कि गुरुवार को सीरीज के पहले मैच में यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा भारत के लिए पारी का आगाज करेंगे। बता दें कि रोहित और कोहली दोनों 14 महीने बाद टी20 प्रारूप में वापसी कर रहे हैं। कोहली के हटने के बाद भारत और अफगानिस्तान मैच में अब गुरुवार को सभी की नजरें वापसी कर रहे रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पर टिकी होंगी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करने से पहले भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने बताया कि कोहली 'पारिवारिक कारणों' से हट गए हैं।

14 महीने बाद हुई वापसी

रोहित और कोहली दोनों इस टी-20 सीरीज के साथ 14 महीने के बाद खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले तीन मैचों की यह सीरीज भारत के लिए आखिरी है। इससे अमेरिका तथा वेस्टइंडीज में होने वाले विश्व कप के लिए टीम संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी। वैसे अंतिम 15 का चयन IPL में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर होने की संभावना है, चूंकि वह विश्व कप से ठीक पहले होगा। द्रविड़ ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित युवा यशस्वी जायसवाल के साथ पारी का आगाज करेंगे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें