World Cup 2023 IND vs AUS Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार 19 नवंबर को खेले गए वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 के फाइनल मैच को डिज्नी-हॉटस्टार पर रिकॉर्ड 5.9 करोड़ दर्शकों ने देखा। OTT प्लेटफॉर्म डिज्नी-हॉटस्टार के मुताबिक, इस रिकॉर्ड के साथ ही भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मैच में बना 5.3 करोड़ दर्शकों का रिकॉर्ड भी टूट गया। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने एक बयान में कहा कि डिज्नी-हॉटस्टार पर फाइनल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान दर्शकों की सबसे अधिक संख्या लगभग 5.9 करोड़ दर्ज की गई।
बयान के मुताबिक, विश्व कप 2023 प्रतियोगिता में भारत बनाम पाकिस्तान के लीग मैच में 3.5 करोड़ दर्शकों ने लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए मैच देखा था। डिज्नी-हॉटस्टार इंडिया के प्रमुख साजिथ शिवानंदन ने पीटीआई से कहा कि डिज्नी-हॉटस्टार पर 5.9 करोड़ दर्शकों ने फाइनल मैच देखा, जिसने सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।
भारतीय क्रिकेट फैंस के अटूट समर्थन ने हमें लाइव स्पोर्ट्स स्ट्रीमिंग में नयी ऊंचाइयां छूने के लिए लगातार प्रेरित किया है। बता दें कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में करीब 1.3 लाख दर्शक मौजूद थे।
भारत (India) रविवार को विश्व कप का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया (Australia) के हाथों हार गया। भारत के 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने हेड की 137 रन की शानदार पारी की बदौलत जीत दर्ज की। आस्ट्रेलिया ने यह मैच छह विकेट से जीता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की पूरे टूर्नामेंट के दौरान उसकी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प की सराहना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "हम आज और हमेशा आपके साथ खड़े हैं।"
क्रिकेट विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भारतीय टीम के हराने के बाद पीएम मोदी ने कहा, "प्रिय टीम इंडिया, विश्व कप के दौरान आपकी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प उल्लेखनीय था। आपने बहुत अच्छे जज्बे के साथ खेला और देश को बहुत गौरवान्वित किया।" प्रधानमंत्री फाइनल मैच देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई दी।