India vs Pakistan: जानिए कब, कहां और कैसे देखें सकेंगे भारत-पाकिस्तान का हाईवोल्टेज मुकाबला
पिछले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मैच में 5 विकेट से हरा दिया था। ऐसे में आज पाकिस्तान पर एक मनोवैज्ञानिक दबाव हो सकता है
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 04, 2022 पर 3:58 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा
India vs Pakistan: एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में भारत और पाकिस्तान आज यानी रविवार (4 सितंबर) को एक बार फिर भिड़ने के लिए तैयार है। इस बार दोनों टीमें सुपर-4 के दूसरे मुकाबलें में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच आज का टी20 मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
टॉस मैच से आधे घंटे पहले शाम 7 बजे होगा। इसके पहले, पिछले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मैच में 5 विकेट से हरा दिया था। ऐसे में आज पाकिस्तान पर एक मनोवैज्ञानिक दबाव हो सकता है।
भारत को यदि अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 में पिछले मैच की तरह जीत दर्ज करनी है तो उसके शीर्ष क्रम को अच्छा प्रदर्शन करना होगा और तेज गेंदबाजों को भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी।
भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का पावरप्ले में प्रदर्शन अगर समस्या है तो अनुभवहीन आवेश खान की डेथ ओवरों की गेंदबाजी भी टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में भारत को गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करने की जरूरत नजर आती है, क्योंकि उसका सामना पाकिस्तान से है जिसने पिछले मैच में हॉन्गकॉन्ग को 150 से अधिक रन से हराया था।
जडेजा की कमी खलेगी
भारत को रविंद्र जडेजा की कमी भी खलेगी जो चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम में लिया गया है। तेज गेंदबाज आवेश खान भी इस अहम मुकाबले से पहले अस्वस्थ हो गए है। पिछले रविवार को वह हार्दिक पंड्या थे जिनके ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की थी। रोहित इस मैच में भी अपने अन्य खिलाड़ियों से उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।
भारतीय टीम के लिए हालांकि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का पावर प्ले में रक्षात्मक रवैया परेशानी का सबब बन सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में विराट कोहली या रोहित शर्मा कोई भी सहज होकर नहीं खेल पा रहे थे। पिच धीमी होने पर उनकी समस्या बढ़ती गई।
शीर्ष क्रम में धीमी बल्लेबाजी चिंताजनक
हॉन्गकॉन्ग जैसी कमजोर टीम के खिलाफ भी भारतीय शीर्ष क्रम में धीमी बल्लेबाजी की। वह सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन पारी थी, जिससे कि टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। भारतीय शीर्ष क्रम के धीमे खेल का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है केएल राहुल ने 39 गेंदों पर 36 रन बनाए जो उनकी अब तक की सबसे धीमी पारी है।
ऐसे में सवाल उठता है क्या भारत को अपने शीर्ष क्रम में आक्रामकता जोड़ने के लिए बदलाव करने की जरूरत होगी, क्योंकि यह स्पष्ट है कि राहुल, रोहित और कोहली का संयोजन नहीं चल पा रहा है। राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में नसीम शाह की जिस पहली गेंद का सामना किया था उसी पर वह बोल्ड हो गए थे। उन्हें एक और मौका दिया जाना जरूरी है, लेकिन उन्हें अपने रवैए में बदलाव करने की जरूरत होगी।
इसके अलावा दुबई की पिच धीमा खेल रही है जिससे कि बल्लेबाजों के लिए परेशानी पैदा हो सकती है। आवेश की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ मैदान में उतर सकती है। भारत के पास जब अक्षर पटेल के रूप में किफायती गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी का एक विकल्प मौजूद है तो फिर ऐसे में दीपक हुड्डा को बल्लेबाजी ऑलराउंडर या रविचंद्रन अश्विन को गेंदबाजी आलराउंडर के रूप में आजमाया जा सकता है।
कब और कहां देख सकेंगे लाइव मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच आज शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। वहीं, टॉस मैच से 30 मिनट पहले शाम 7 बजे होगा। इस हाईवोल्टेज मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा, Disney+ Hotstar पर भी भारत-पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच एशिया कप 2022 के सुपर-4 मैच का लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।