एयरपोर्ट की तरह कतारें, डॉक्टरों और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, बांके बिहारी मंदिर में भीड़ को नियंत्रण करने के लिए तैयार हुआ नया प्लान

भगवान कृष्ण के सबसे लोकप्रिय मंदिरों में से एक बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी की रात मंगला आरती के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति के बाद दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 7 अन्य लोग घायल हो गए थे

अपडेटेड Sep 04, 2022 पर 3:31 PM
मंदिर के पुजारी ने वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर News18 से कहा कि हमें इसे बदलने की जरूरत है

उत्तर प्रदेश के वृंदावन (Vrindavan) स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर (Bankey Bihari Temple) में श्री कृष्ण जन्माष्टमी (krishna Janmashtami) पर मंगला आरती (Mangala Aarti) के दौरान हुए हुए हादसे से सबक लेते हुए मंदिर और मथुरा (Mathura) प्रशासन ने आगामी राधा अष्टमी (Radha Ashtami) को लेकर पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।

आपको बता दें कि भगवान कृष्ण के सबसे लोकप्रिय मंदिरों में से एक बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी की रात मंगला आरती के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति के बाद दम घुटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 7 अन्य लोग घायल हो गए थे। मंदिर के पुजारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर News18 से कहा कि हमें इसे बदलने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें- Congress Halla bol Rally: 'अब कांग्रेस कार्यकर्ता ही भारत को बचा सकते हैं', कांग्रेस की हल्ला बोल रैली में BJP पर जमकर बरसे राहुल गांधी


उन्होंने कहा कि हम भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और हम भविष्य में ऐसी किसी भी घटना (भगदड़ और मौत की) को रोकने के लिए हर संभव बदलाव करने की कोशिश कर रहे हैं। पुजारी ने कहा कि लेकिन लोगों के आक्रामक तरीके से एक-दूसरे पर कदम रखने के व्यवहार में बदलाव की जरूरत है। यह हमारे हाथ से बाहर है और हमें मीडिया से मदद की जरूरत है।

टीवी9 के अनुसार, दुर्घटना की जांच के लिए शनिवार को एक जांच समिति ने मंदिर का दौरा किया। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के प्रांगण में पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह और अलीगढ़ कमिश्नर गौरव दयाल ने गोस्वामी समाज से मुलाकात की। जांच समिति के अध्यक्ष सुलखान सिंह ने कहा कि सभी लोगों की समस्याएं सुनकर और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा।

सरक्षाकर्मी और मेडिकल स्टाफ की संख्या में बढ़ोतरी

डॉ अजय कुमार वर्मा के कार्यालय ने यह सुनिश्चित किया है कि हर समय मंदिर परिसर के पास एक एम्बुलेंस तैनात रहे। इसके अलावा, मंदिर के अंदर रखे गए मेडिकल स्टाफ को दो से बढ़ाकर 4 कर दिया गया है, जिसमें एक फार्मासिस्ट भी शामिल है जो दवाओं के वितरण के साथ-साथ इमरजेंसी या प्रारंभिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में डॉक्टर की सहायता कर सकता है।

इसके अलावा मंदिर की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। गुरुवार की सुबह दो या तीन की तुलना में मंदिर परिसर के अंदर कम से कम 10 पुलिस कांस्टेबल ड्यूटी पर थे। मंदिर के पुजारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की नियुक्ति 4 गुना बढ़ा दी गई है। हमारे पास पहले मंदिर के अंदर मुश्किल से दो या 3 आदमी थे, लेकिन अब राज्य सरकार ने आगरा से और पुलिस बल लाकर उन्हें मंदिर परिसर के अंदर और बाहर तैनात किया है।

इसके अलावा वीकेंड पर मंदिर के अंदर अधिकारियों की संख्या और भी अधिक होती है। 31 अगस्त को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए कहा था कि वे भविष्य में बांके बिहारी मंदिर और अन्य पूजा स्थलों पर ऐसी किसी भी घटना को कैसे टालने की योजना बना रहे हैं।

1,200 वर्ग फुट के मामूली क्षेत्र में बना यह मंदिर हर दिन औसतन लाख से अधिक भक्तों का स्वागत करता है। ऊपर की मंजिल पर स्थित मंदिर के नियंत्रण कक्ष में काम करने वाले अधिकारी ने News18 को बताया कि वीकेंड पर मंदिरों में 2 लाख से अधिक भक्त आते हैं और त्योहारों पर विशेष रूप से जन्माष्टमी पर मंदिर में एक दिन में 5 लाख से अधिक भक्तों का आगमन होता है।

नया प्लान क्या है?

मंदिर प्रशासन राज्य सरकार के साथ मिलकर एक नई व्यवस्था लागू करने की योजना बना रहा है, जहां परिसर में भीड़भाड़ होने पर भी प्रवेश कतार सिस्टम पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि हम एयरपोर्ट जैसा एक सिस्टम तैयार कर रहे हैं, जहां लोगों को बैरिकेड्स का पालन करना पड़ता है और कतार में चलना पड़ता है। प्लान के तहत मंदिर के बाहर से बैरिकेड्स शुरू हो जाएंगे।

एक अधिकारी ने कहा कि देखते हैं कि अदालत क्या मंजूरी देती है। मैनेजमेंट ने एंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर लगाने का भी अनुरोध किया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि मंदिर प्रशासन अन्य लोकप्रिय मंदिरों द्वारा अपनाए गए भीड़ नियंत्रण के मॉडल का अध्ययन कर रहा है। हम पूरे भारत में मंदिरों द्वारा अपनाए गए सफल मॉडलों को देख रहे हैं और मुझे यकीन है कि संकल्प जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।