Congress Halla bol Rally: कांग्रेस (Congress) आज दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramleela Maidan) में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जरूरतों के सामान पर GST बढ़ोतरी को लेकर BJP सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रैली (Halla Bol Rally) कर रही है। जानकारी के मुताबिक, बंगा भवन से अकबर रोड पर AICC मुख्यालय जाने वाले पार्टी प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की खबरों को खारिज कर दिया। दिल्ली पुलिस ने रविवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में नहीं लिया गया, बल्कि उन्हें बसों बठैा कर तय विरोध स्थलों पर उतारा गया है।
दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, “आज राम लीला मैदान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की एक रैली हैं। कहीं और विरोध कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस बसों में ले गई और विरोध के तय स्थान पर उतार दिया। किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया है।"
उधर रैली में अपने संबोधन में राहुल गांधी ने केंद्र की BJP सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि BJP और RSS के नेता देश को बांटते हैं और जानबूझकर देश में डर का माहौल पैदा करते हैं। इससे भारत को नहीं, बल्कि चीन और पाकिस्तान को फायदा होगा।
रामलीला मैदान में 'मेहंगाई पर हल्ला बोल' रैली में BJP सरकार पर चौतरफा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने संसद में विपक्ष के बोलने का रास्ता बंद कर दिया है। हमारे लिए एक ही रास्ता है कि हम लोगों से सीधे बात करें और लोगों को देश की सच्चाई बताएं और उनकी बात सुनें।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) शुरू कर रही है, जो लोगों से सीधे बात करने और उनके मुद्दों पर चर्चा करने में मदद करेगी।
राहुल ने अपने संबोधन में कहा, "जब से बीजेपी की सरकार आई है, तब से देश में नफरत और गुस्सा बढ़ता जा रहा है। देश में भविष्य, महंगाई और बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है, जिसकी वजह से देश में नफरत बढ़ रही है। नफरत से लोग और देश बटता है, जिससे देश कमजोर होता है।"
उन्होंने आगे कहा, "BJP और RSS के नेता देश को बांटते हैं और जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं। इस डर और नफरत का फायदा देश के सिर्फ 2 उद्योगपति उठा रहे हैं।"
'हल्ला बोल' रैली में कांग्रेस सांसद ने कहा, "देश को रोजगार लघु और मध्यम व्यवसाय वाले और किसान देते हैं, लेकिन इन लोगों की रीढ़ की हड्डी नरेंद्र मोदी जी ने तोड़ दी है। जो आज बेरोजगारी दिख रही है, वो आने वाले समय में और भी बढ़ेगी।"