IND vs PAK Live: टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से दी मात

रविंद्र जडेजा ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 29 गेंद में 52 रन की साझेदारी हुई। हार्दिक ने छक्का लगाकर भारत को यादगार जीत दिलाई

अपडेटेड Aug 28, 2022 पर 11:53 PM
Story continues below Advertisement
भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम 147 रनों पर ढ़ेर हो गई

India vs Pakistan Match Live Updates: टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 के अपने पहले महामुकाबला मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। 148 रनों के टारगेट को भारत ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। टीम इंडिया की जीत में रवींद्र जडेजा और हार्दिक पंड्या का अहम रोल रहा।

एशिया कप 2022 में भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम 147 रनों पर ढ़ेर हो गई। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सबसे अधिक चार विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पंड्या ने तीन विकेट चटकाए।

पाकिस्तानी टीम के कप्तान बाबर आजम (10) का विकेट जल्दी गंवाने के सदमे से उबर ही नहीं सकी और उसके विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक 43 रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए।


टीम इंडिया शुरु में लड़खड़ाई

बल्लेबाजी के नए दृष्टिकोण के साथ तैयार एक कप्तान और वापसी करने को बेताब एक अनुभवी बल्लेबाज की अगुवाई में भारत आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप के महत्वपूर्ण मैच में अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से बदला चुकता करने के लिए उतरी। हालांकि, भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही।

केएल राहुल पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर बोल्ड हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा ने स्पिनर मोहम्मद नवाज के खिलाफ शानदार छक्का लगाया, लेकिन उसी ओवर में एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 18 गेंद में 12 रन बनाए।

रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। विराट 34 गेंद में 35 रन ही बना सके। जडेजा ने पांड्या के साथ मिलकर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 29 गेंद में 52 रन की साझेदारी हुई। जडेजा आखिरी ओवर में 35 रन बनाकर बोल्ड हुए। लेकिन पांड्या ने छक्का लगाकर भारत को यादगार जीत दिला दी।

ये भी पढ़ें- ट्विन टावर ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न, तस्वीरों में देखिए बिल्डिंग गिरने के बाद अब कैसे हैं वहां के हालात

देखें, लाइव अपडेट्स

  • टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। इस शानदार जीत में रवींद्र जडेजा और हार्दिक पंड्या का अहम रोल रहा।
  • रविंद्र जडेजा के रूप में टीम इंडिया को पांचवा झटका लगा है। जडेजा 29 गेंद में 35 रन बनाए
  • सूर्यकुमार यादव के रूप में टीम इंडिया को चौथा झटका लगा है। नसीम शाह ने उन्हें बोल्ड कर दिया है। सूर्यकुमार 18 गेंद में 18 रन ही बना सके।
  • कप्तान रोहित शर्मा के आउट होने के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए हैं। विराट 34 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो गए हैं।
  • रोहित शर्मा बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए हैं। रोहित को मोहम्मद नवाज ने इफ्तिखार अहमद के हाथों कैच आउट कराया. रोहित ने 12 रनों की पारी खेली।
  • टीम इंडिया के अब तक तीन विकेट गिर चुके हैं।
  • भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही है। केएल राहुल पहले ओवर की दूसरी ही बॉल पर बोल्ड हो गए हैं।
  • पाकिस्तान 147 पर ऑल आउट हुई। भुवनेश्वर कुमार ने 26 रन देकर 4 विकेट लिए।
  • पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत को मौका नहीं मिला है और विकेटकीपर के तौर पर दिनेश कार्तिक उनकी जगह खेल रहे हैं। वहीं आवेश टीम के लिए तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में खेलेंगे।
  • भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पाकिस्तान की टीम मैच में पहले बल्लेबाजी करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।