India vs Pakistan Match 2023: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का भारत सहित दुनियाभर के क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वर्ल्ड कप 2023 के 12वें मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जश्न का इंतजाम किया है। इसमें भारत के तीन बड़े सिंगर परफॉर्म करेंगे। बॉलीवुड की हिट मशीन कहे जाने वाले अरिजीत सिंह (Arijit Singh) के साथ-साथ शंकर महादेवन (Shankar Mahadevan) और सुखविंदर सिंह (Sukhwinder Singh) भी परफॉर्म करेंगे। वर्ल्ड कप का महामुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान का मैच 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium in Ahmedabad) पर खेला जाएगा। इस मैच से पहले एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन, रजनीकांत और पूर्व महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को आमंत्रित किया गया है। BCCI ने शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच से पहले प्री-मैच शो के लिए सुपरस्टार लाइन-अप की पुष्टि की। बता दें कि वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत में कोई ओपनिंग सेरेमनी नहीं हुई थी।
BCCI ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिलसिलेवार ट्वीट में बताया कि भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले तीन बड़े म्यूजिक सुपरस्टार परफॉर्म करेंगे। इसमें अरिजीत सिंह, शंकर महादेवन और सुखविंदर सिंह शामिल हैं। इस इवेंट को म्यूजिकल ओडिसी (Musical Odyssey) नाम दिया गया है।
ये दिग्गज भी हो सकते हैं शामिल
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गायिका सुनिधि चौहान और नेहा कक्कड़ भी इस समारोह का हिस्सा होंगी। बताया जा रहा है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया समेत बॉलीवुड के कई अन्य सितारे भी इस इवेंट की शोभा बढ़ाएंगे। हालांकि, BCCI की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। bCCI ने गुरुवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैंस को यह भी बताया कि प्री-मैच कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सिंगिंग प्री-मैच शो के बाद भारत-पाकिस्तान मुकाबले के इनिंग ब्रेक के दौरान 10 मिनट का कार्यक्रम भी होगा। यह पहली बार होगा जब दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भारत-पाकिस्तान मुकाबले की मेजबानी करेगा।
रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने की उम्मीद
इस मुकाबले को देखने के लिए रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि 14 अक्टूबर को दोनों देशों के क्रिकेट फैंस की भावनाएं चरम पर होंगी। भारत और पाकिस्तान दोनों फिलहाल दो-दो जीत के साथ अंक पर बराबर हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हमेशा से ही खेल के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक रहा है। बीसीसीआई भी दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी के बीच मुकाबले को फैंस के लिए यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।