IPL 2022: बीच सीजन में रविंद्र जडेजा ने छोड़ी CSK की कप्तानी, अब धोनी के हाथों में टीम की कमान

IPL 2022: कप्तानी के दबाव से जडेजा का खेल भी प्रभावित हुआ है। वह आठ मैचों में 112 रन ही बना सके जबकि उनकी झोली में पांच ही विकेट गिरे

अपडेटेड Apr 30, 2022 पर 9:06 PM
रविंद्र जडेजा ने छोड़ी CSK की कप्तानी, अब धोनी के हाथों में टीम की कमान

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के मौजूदा सीजन में आठ में से छह मैच गंवाने के बाद रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम की कप्तानी छोड़ दी है। अब बचे हुए मैचों में महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ही CSK की कमान संभालेंगे।

CSK ने एक बयान में कहा , "रविंद्र जडेजा ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर ध्यान देने का फैसला किया है। उन्होंने एमएस धोनी से टीम की कप्तानी करने का आग्रह किया है। धोनी ने ज्यादा हितों को देखते हुए इस अनुरोध को मान लिया है, ताकि जडेजा अपने खेल पर फोकस कर सकें ।"

कप्तानी के दबाव से जडेजा का खेल भी प्रभावित हुआ है। वह आठ मैचों में 112 रन ही बना सके जबकि उनकी झोली में पांच ही विकेट गिरे।


बता दें कि IPL 2022 शुरू होने से दो दिन पहले जडेजा को टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, क्योंकि धोनी ने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, इस फैसले का उनके साथियों ने समर्थन किया, लेकिन जडेजा CSK मनचाही शुरुआत नहीं दे सके। टीम आठ मैचों में केवल दो जीत के साथ टेबल में नौवें नंबर पर है।

IPL 2022: मैच से पहले दिल्ली कैपिटल को बड़ा झटका, एक और विदेशी प्लेयर हुआ कोरोना पॉजिटव

वहीं एमएस धोनी की कप्तानी में CSK को अब तक 2010, 2011, 2018 और 2021 में चार IPL जीतने का मौका मिला। 1 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ होने वाले मैच में टीम की कमान धोनी के हाथों में होगी।

चेन्नई के प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो उनमें महेंद्र सिंह धोनी, तेज गेंदबाज दीपक चाहर हैं। चाहर को टीम ने 1.85 मिलियन डॉलर में वापस खरीदा था। चेन्नई टीम ने इस बार जडेजा और धोनी समेत चार खिलाड़ियों को रिटेन किया था।

जडेजा को टीम ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया था, जबकि धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए में ही रिटेन किया। इससे यह शुरुआत में ही अंदाजा लग गया था कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। उनके अलावा मोईन अली को आठ करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को छह करोड़ रुपए में रिटेन किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।