टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने 12 साल पहले मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम (Wankhede stadium) में छक्का लगाकर भारत को वनडे में वर्ल्ड चैंपियन बनाया था। 2011 के वनडे वर्ल्डकप फाइनल में धोनी ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान कुलकसेकरा की गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर भारत को 28 साल बाद वर्ल्ड कप जिताया था। आज तक हर एक भारतीय उस ऐतिहासिक छक्के को याद करता है। अब मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने धोनी को सम्मानित करने के लिए एक खास प्लान बनाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एमएस धोनी के नाम पर वानखेड़े स्टेडियम में एक सीट होगी। स्पोर्टस्टार के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एमएस धोनी के सम्मान में एक सीट का नाम देने का फैसला किया है। एमसीए अध्यक्ष अमोल काले ने कहा कि जिस एरिया में धोनी ने छक्का लगाया था, उसकी पहचान कर ली गई है।
गेंद एमसीए पवेलियन में जाकर गिरी थी। काले ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि गेंद जिस जगह पर गिरी थी, उसकी सही जगह की पहचान कर ली गई है। जल्द ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान के नाम पर वहां एक सीट होगी। यह सीट उसी स्थान वह होगा जहां 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उनका विनिंग छक्का लगा था।
उद्घाटन की सही तारीख अभी तय नहीं की गई है। यह धोनी की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। हालांकि, एमसीए सीट का उद्घाटन धोनी से ही कराने की तैयारी कर रही। धोनी की टीम CSK 8 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल मैच के लिए मुंबई की यात्रा करेगी। वानखेड़े में धोनी के मैच विजयी छक्के ने भारत को 28 सालों बाद वर्ल्ड कप ट्रॉफी दिलाई।
विजय स्मारक बनाने की तैयारी
MCA ठीक उसी जगह एक विक्ट्री मेमोरियल बनाना चाहता है जहां धोनी की गेंद गिरी थी। 8 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स का मैच भी है ऐसे में MCA ने धोनी से अपील की है कि वह इसका उद्घाटन खुद करें। MCA के अध्यक्ष अमोल काले ने कहा कि एमसीए ने फैसला किया है कि वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड में ठीक उसी जगह एक छोटा सा विक्ट्री मेमोरियल बनाया जाएगा जहां धोनी का वह आखिरी छक्का गिरा था। इसे 2011 का वर्ल्ड कप जीतने की याद में बनाया जाएगा। इसके उद्घाटन के मौके पर महेंद्र सिंह धोनी को खास तौर पर सम्मानित किया जाएगा।