India Vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान होंगे धवन, जडेजा बने उपकप्तान

वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है

अपडेटेड Jul 06, 2022 पर 7:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है

India Vs West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में शिखर धवन (Shikhar Dhawan) भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। वहीं, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इस दौरे पर टीम के सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ कई दिग्गजों को आराम दिया गया है। BCCI द्वारा बुधवार को वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया।

क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में शिखर धवन को त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में 22 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का कप्तान चुना गया है। वहीं, विराट कोहली और ऋषभ पंत उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें इस दौरे के दौरान आराम दिया गया है।

ये भी पढ़ें- ब्रिटेन के PM बोरिस जॉनसन पर बढ़ा कुर्सी छोड़ने का दबाव, 24 घंटे में 5 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, कई सांसदों ने वापस लिया समर्थन


दो अन्य सीनियर खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को भी आराम दिया गया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सफलता हासिल कर हाल में भारतीय टीम में जगह बनाने वाले हार्दिक पंड्या भी टीम का हिस्सा नहीं हैं।

दीपक हुड्डा, संजू सैमसन, रूतुराज गायकवाड़ और आवेश खान 12 जुलाई से इंग्लैंड में शुरू हो रही सीरीज के लिए वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

दिसंबर 2020 में अंतिम वनडे खेलने वाले शुभम गिल को भी चयनकर्ताओं ने चुना है। सिर्फ वनडे में खेलने वाले धवन ने पिछले साल श्रीलंका के दौरे पर पहली बार टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी, जब टेस्ट विशेषज्ञ इंग्लैंड में थे।

पिछले एक साल में भारतीय टीम के लिए काफी सारे कप्तान नियुक्त किए जाने के संबंध में पिछले कुछ समय काफी आलोचना भी हुई थी जिसमें कार्यक्रम और चोट संबंधित मुद्दों के अलावा कार्यभार प्रबंधन के कारण बुमराह, पंत, राहुल, हार्दिक और धवन ने टीम की अगुआई की थी।

सभी तीनों वनडे पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्व कप से पहले वेस्टइंडीज में ये मैच भारतीय टीम के अंतिम वनडे होंगे इसलिए सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाना हैरानी भरा फैसला नहीं है। वनडे के बाद भारत कैरेबियाई सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ और अमेरिका के खिलाफ पांच टी20 अंतराष्ट्रीय मैच खेलेगा जिसके लिए टीम की घोषणा की जाएगी।

टीम इस प्रकार है:-

शिखर धवन (कप्तान), रविंद्र जडेजा (उप कप्तान), रूतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।