यूनाइटेड किंगडम (UK) के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को उनके सरकार के तीन और मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। वहीं उनकी ही पार्टी के कई सांसदों ने सार्वजनिक तौर पर उनसे समर्थन वापस लेने का ऐलान किया है। इससे पहले मंगलवार को उनकी सरकार के दो सीनियर मंत्रियों- वित्त मंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) और स्वास्थ्य मंत्री साजिद वाजिद ( Sajid Javid) ने भी उनके नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दे दिया था।
ब्रिटेन के बाल एंव परिवार मंत्री विल क्विंस (Will Quince) ने बुधवार को अपना इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा, "सोमवार को मीडिया ब्रीफिंग्स के लिए मुझे प्रधानमंत्री कार्यालय से जो जानकारी मिली थी, वो अब गलत साबित हुई है। बोरिस जॉनसन ने कल शाम मुलाकात के दौरान इसके लिए माफी मांगी। मेरे पास अब इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।"
बोरिस जॉनसन सरकार में जूनियर ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर लॉरा ट्रोट (Laura Trott) ने भी बुधवार को अपना इस्तीफा दे दिया। लॉरा ने कहा कि उन्होंने इस सरकार में 'भरोसा' खो दिया है, इसलिए अब वह अपना इस्तीफा दे रही हैं। दोनों मंत्रियों के इस्तीफा देने के कुछ देर बाद ब्रिटेन के स्कूल मंत्री रॉबिन वॉकर (Robin Walker) ने भी अपना इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की लीडरशिप पर अब और भरोसा नहीं है।
इससे पहले दिन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शिक्षा मंत्री दिम जहावी को नया वित्त मंत्री नियुक्त किया और साथ ही घोषणा की कि स्टीव बार्कले देश के नए स्वास्थ्य मंत्री होंगे।
जॉनसन सरकार को बड़ा एक बड़ा झटका देते हुए वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य मंत्री साजिद जावेद ने मंगलवार को अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है और वे घोटालों में घिरी सरकार के लिए काम नहीं कर सकते। पाकिस्तानी मूल के ब्रिटेन के नागरिक साजिद जाविद और भारतवंशी ब्रिटिश मंत्री सुनक ने मंगलवार को कुछ ही मिनट के अंतराल पर ट्विटर पर अपना इस्तीफा शेयर किया था।
इससे पहले, जॉनसन ने अपने ऊपर बढ़ते दबाव के बीच मंगलवार को स्वीकार किया था कि संसद के एक दागदार सदस्य को सरकार के अहम पद पर नियुक्त करना गलत था। इसके बाद ही वित्त मंत्री ऋषि सुनक समेत सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफा देने की घोषणा की।
इस बीच, विपक्षी दल लेबर पार्टी के नेता कीर स्टारर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार "गिरने वाली है।"