WTC फाइनल के बाद भारतीय क्रिकेटर्स की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ जहां पूरी भारतीय टीम को फाइनल के दौरान धीमी ओवरगति के लिए पूरी मैच फीस गंवानी पड़ी। वहीं थर्ड अंपायर के विवादित फैसले पर शुभमन गिल को आउट देने का मामला आज एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। अंपायर के फैसले पर नाराजगी जाहिर करने पर शुभमन गिल पर 15 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर भी धीमी ओवरगति के लिए मैच फीस का 80 प्रतिशत जुर्माना लगा है।
थर्ड अंपायर के फैसले को बताया गलत
शुभमन गिल को आर्टिकल 2.7 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इस आर्टिकल में इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी घटना की सार्वजनिक निंदा या अनुचित बयान देने पर कार्रवाई की जाती है। ये सारा विवाद कैमरन ग्रीन के एक कैच को लेकर था। भारत की दूसरी इनिंग के दौरान थर्ड अंपायर ने गिल को आउट करार दिया। गिल का कैच लपकते समय कैमरन ग्रीन का हाथ जमीन को छू गया था जिसे लेकर फैसला करना थोड़ा मुश्किल था।
उस दिन का खेल जैसे ही खत्म हुआ गिल ने टीवी स्क्रीन का रिप्ले शॉट सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसे लेकर तमाम क्रिकेट एक्सपर्ट्स और पूर्व क्रिकेटर्स अलग-अलग राय रखने लगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने कहा कि कैच साफ है जबकि हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग सहित कई भारतीय क्रिकेटरों का मानना था कि थर्ड अंपायर ने गलती की है।
15% जुर्माना शुभमन गिल पर लगा है। बात आती है कि शुभमन गिल ये जुर्माना कैसे भरेंगे। जैसा कि IPL में देखने को मिलता है कि फ्रेंचाइजी खुद खिलाड़ियों के जुर्माने का पैसा भरती है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह पैसा BCCI ही भरेगा। इसके अलावा ICC ने भारत की WTC फाइनल की पूरी मैच फीस भी काट ली है।
बात करें WTC फाइनल की तो ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में भारत के सामने जीत के लिए 444 रनों का लक्ष्य रखा था। टीम इंडिया दूसरी इनिंग के 5वें और आखिरी दिन रविवार को 234 पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों से जीत दर्ज करवाई। ऑस्ट्रेलिया पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनी और वहीं भारत को दूसरी बार फाइनल में हार मिली।