टीम इंडिया को बड़ा झटका, दीपक चाहर और सूर्यकुमार यादव श्रीलंका टी-20 सीरीज से बाहर

तेज गेंदबाज दीपक चाहर के सीरीज से बाहर होने के बाद अब वेस्टइंडीज के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे सूर्यकुमार यादव भी चोट के कारण सीरीज में नहीं खेलेंगे

अपडेटेड Feb 23, 2022 पर 2:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BCCI की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि ये दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा करेंगे

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई वाली टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ गुरुवार 24 फरवरी से तीन मैचों की टी-20 सीरीज के शुरू होने से पहले डबल झटका लगा है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) और वेस्टइंडीज के खिलाफ प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव हाथ में चोट लगने के कारण श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। जबकि चाहर को वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में गेंदबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सूर्यकुमार और तेज गेंदबाज दीपक चाहर टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।


बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा कि तेज गेंदबाज दीपक चाहर और बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए हैं। बयान के अनुसार, वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को कोलकाता में खेले गए तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय दीपक के दाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था जबकि सूर्यकुमार क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गए थे।

चाहर और सूर्यकुमार अपनी चोटों के आगे के इलाज के लिए अब बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में जाएंगे। बीसीसीआई ने इन दोनों चोटिल खिलाड़ियों के स्थान पर किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया है, क्योंकि टीम में पहले से ही विकल्प मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें- NCP नेता नवाब मलिक के घर पहुंची ED की टीम, पूछताछ के लिए अपने साथ दफ्तर ले गए अधिकारी

भारतीय टीम इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, इशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), आवेश खान।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।