NCP नेता नवाब मलिक के घर पहुंची ED की टीम, पूछताछ के लिए अपने साथ दफ्तर ले गए अधिकारी

ED ने अंडरवर्ल्ड से कथित संबंधों वाली एक संपत्ति के सिलसिले में नवाब मलिक को तलब किया था और इसी मामले में अब उनसे पूछताछ की जा रही है

अपडेटेड Feb 23, 2022 पर 11:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
NCP के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक पूछताछ के लिए बुधवार को सुबह- सुबह प्रवर्तन निदेशालय के मुंबई स्थित दफ्तर पहुंचे हैं

प्रवर्तन निदेशालय (ED) मुंबई अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) से पूछताछ कर रही है। एनसीपी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक बुधवार सुबह-सुबह पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के मुंबई स्थित दफ्तर पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक ईडी के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ED की टीम बुधवार सुबह मलिक के आवास पहुंची थी और पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ ED दफ्तर लेकर गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईडी के अधिकारी सुबह करीब 6 बजे नवाब मलिक के आवास पर पहुंचे, जहां पर उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई। घर पर पूछताछ करने के बाद करीब साढ़े सात बजे अधिकारी नवाब मलिक को अपने साथ ईडी दफ्तर ले गए, जहां सुबह 8:30 बजे से उनसे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine Crisis: अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों ने रूस पर लगाए कड़े प्रतिबंध


ईडी ने अंडरवर्ल्ड से कथित संबंधों वाली एक संपत्ति के सिलसिले में नवाब मलिक को तलब किया था। इसी मामले में अब उनसे पूछताछ की जा रही है। ईडी के अधिकारी उनसे एक प्रॉपर्टी में अंडरवर्ल्ड के लिंक होने के मामले की जांच करना चाहते थे। फिलहाल एजेंसी ने इसी मामले में पूछताछ शुरू की है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता मलिक ईडी कार्यालय में पहुंचे हैं और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। ईडी को शक है कि नवाब मलिक की एक जमीन में अंडरवर्ल्ड के लोग भी जुड़े हो सकते हैं।

अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों, संपत्ति की अवैध रूप से कथित खरीद-फरोख्त और हवाला लेनदेन के संबंध में ईडी ने 15 फरवरी को मुंबई में छापेमारी की थी और एक नया मामला दर्ज किया था। जिसके बाद मलिक से पूछताछ की जा रही है।

केंद्रीय एजेंसी ने 10 स्थानों पर छापेमारी की थी जिसमें 1993 के बम धमाके के मुख्य साजिशकर्ता दाऊद इब्राहिम की दिवंगत बहन हसीना पार्कर, भाई इकबाल कासकर और छोटा शकील के रिश्तेदार सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट के परिसर शमिल हैं। कासकर पहले से ही जेल में है जिसे एजेंसी ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। ईडी ने पार्कर के बेटे से भी पूछताछ की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।