Ind Vs Eng Semifinal: टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया का सफर समाप्त हो गया है। गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में भारत की 10 विकेट से शर्मनाक हार हुई है। इसके साथ ही इंग्लैंड फाइनल में पहुंच गया है। इंग्लैंड का मुकाबला अब 13 नवंबर को पाकिस्तान से फाइनल में होगा।
टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इस स्कोर को इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने बिना विकेट खोए 16 ओवर में ही हासिल कर लिया।। टीम इंडिया ने इस पारी में कुल 6 विकेट गंवाए। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या 63 और विराट कोहली 50 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने टीम इंडिया को ऐसा धोया कि भारतीय बॉलर्स ने पूरी तरह सरेंडर कर दिया। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए। भुवनेश्वर कुमार समेत कोई गेंदबाज पावरप्ले में विकेट निकाल पाए। ना ही अक्षर पटेल और आर अश्विन की जोड़ी भारत को कोई सफलता दिला पाई। इंग्लैंड ने इस मैच में 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। एलेक्स हेल्स ने 86 और जोस बटलर ने 80 रनों की शानदार पारी खेली है।
सेमीफाइनल में टीम इंडिया की शुरुआत बेहतर नहीं हुई थी। केएल राहुल फ्लॉप साबित हुए। इसके बाद रोहित शर्मा भी कोई बड़ा कमाल नहीं कर पाए। वर्ल्ड कप में बेहतर बल्लेबाजी करने वाले विराट कोहली ने एक बार फिर टीम इंडिया की लाज बचाई। विराट के अलावा अंत में हार्दिक पंड्या का धमाका टीम इंडिया के लिए बोनस साबित हुआ।
इंग्लैंड ने आसानी से इस लक्ष्य को हासिल फाइनल में जगह बना ली है। अब इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच रविवार को मेलबर्न में खेला जाएगा। पाकिस्तान ने एक दिन पहले बुधवार को टी20 विश्वकप 2022 के पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया था। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने फाइनल में जगह बना ली है।