T20 World Cup: दूसरी बार इंग्लैंड ने अपने नाम किया T20 वर्ल्ड कप, फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से दी मात

T20 World Cup: पाकिस्तान को आठ विकेट पर 137 रन पर रोकने के बाद इंग्लैंड ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल किया। इंग्लैंड के लिए ऑल राउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली

अपडेटेड Nov 13, 2022 पर 6:26 PM
T20 World Cup: दूसरी बार इंग्लैंड ने अपने नाम किया T20 वर्ल्ड कप

T20 World Cup: इंग्लैंड (England) ने T20 विश्व कप के फाइनल (T20 World Cup Final) में रविवार को यहां पाकिस्तान (Pakistan) को पांच विकेट से शिकस्त देकर दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम किया। पाकिस्तान को आठ विकेट पर 137 रन पर रोकने के बाद इंग्लैंड ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल किया। इंग्लैंड के लिए ऑल राउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।

बेन स्टोक्स ने 52 रन पर नॉट आउट रह कर T20I का पहला अर्धशतक बनाया। इंग्लैंड ने 19 ओवर में 138/5 के स्कोर पर पांच विकेट से जीत दर्ज की।

इसी के साथ इंग्लैंड एक साथ ODI और T20 दोनों विश्व खिताब जीतने वाली पहली पुरुष टीम बन गई है। बेन स्टोक्स, सैम करन और आदिल राशिद इस फाइनल मैच के स्टार रहे।


स्टोक्स पाकिस्तान के गेंदबाजों की भयानक तेज गेंदबाजी के बीच लंबे समय तक मैदान पर खड़े रहे। उन्होंने T20I क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक बनाया और 52 रन बनाकर नाबाद रहे और इंग्लैंड को पांच विकेट से जीत दिलाई।

T20 World Cup: वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद विराट कोहली का सामने आया पहला रिएक्शन, पढ़िए क्या कहा

पाकिस्तान ने भी खूब संघर्ष किया, लेकिन आखिर में आते-आते रफ्तार धीमी पड़ गई और ज्यादा रन नहीं बने। शाहीन अफरीदी स्लॉग ओवरों में लड़खड़ा गए और अपने ओवरों का कोटा भी पूरा नहीं पाए।

इंग्लैंड की गेंदबाजी काफी अच्छी रही, लेकिन चार ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट झटक कर सैम करन गेंदबाजी में छा गए। उन्होंने पाकिस्तान की एक सिंगल बाउंड्री तक पे रोक लगा दी थी।

पूरे मैच में पाकिस्तान को इंग्लैंड के ऊपर कहीं दबाव बनाने का मौका नहीं मिला, क्योंकि इंग्लैंड ने अच्छी गेंदबाजी की थी। अदल राशिद ने 22 रन देकर दो विकेट निकाले। जबकि क्रिस जॉर्डन ने 27 के साथ 2 विकेट झटके।

T20 World Cup: फाइनल मैच का हाल

पाकिस्तान की कमाल की गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड की टीम दबाव में आ गयी थी लेकिन शाहीन शाह अफरीदी (2.1 ओवर में 13 रन देकर एक विकेट) के चोटिल होकर मैदान से बाहर जाने के बाद मैच का रूख बदल गया। स्टोक्स की 49 गेंद (पांच चौके, एक छक्का) की पारी से इंग्लैंड 19 ओवर में पांच विकेट पर 138 रन बनाकर चैम्पियन बना।

इस तरह पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम की अपने देश के महान क्रिकेटर इमरान खान की उपलब्धि (50 ओवर की विश्व कप विजेता टीम) की बराबरी करने की तमन्ना पूरी नहीं हो सकी।

इंग्लैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही, उसने पावरप्ले में 49 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे जबकि छह ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 39 रन था।

पाकिस्तान को पहली सफलता अफरीदी ने दिलायी जिन्होंने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स (01)को बोल्ड कर दिया। हेल्स ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 86 रन बनाये थे।

इस झटके के बाद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (17 गेंद में 26 रन) और फिल सॉल्ट (10) संभलकर खेलते हुए 25 रन ही जोड़ सके थे। तभी चौथे ओवर में दो गेंद डालने के बाद हारिस रऊफ (23 रन देकर दो विकेट) ने गुडलेंथ गेंद पर सॉल्ट को आउट किया जो लेग साइड में पुल करने के प्रयास में मिडविकेट पर इफ्तिखार अहमद को आसान कैच दे बैठे।

रऊफ ने अपने दूसरे ही ओवर में खतरनाक दिख रहे बटलर को अपना दूसरा शिकार बनाया जब गेंद इंग्लैंड के कप्तान के बल्ले को चूमकर सीधे विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान के हाथों में समां गयी।

दस ओवर में पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट 68 रन था जबकि इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 77 रन बनाये थे।

स्टोक्स और हैरी ब्रुक (23 गेंद में 20 रन) चौथे विकेट के लिये अच्छी साझेदारी की ओर बढ़ रहे थे कि शादाब खान (20 रन देकर एक विकेट) ने इस 39 रन की पार्टनरशिप को तोड़ा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।