T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 (ICC T20 World Cup 2022) के सेमीफाइनल में इंग्लैंड (England) के खिलाफ भारत की शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया (Team India) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का पहली बार रिएक्शन सामने आया है। भारत के टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद कोहली ने शुक्रवार को एक इमोशनल पोस्ट किया, जो काफी वायरल हो रहा है। टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद विराट एडिलेड से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। कोहली ने हार स्वीकार करते हुए ट्वीट कर कहा कि टीम विश्व कप जीतने से चूक गई, जो काफी दुखद है।
विराट कोहली ने एक तस्वीर के साथ ट्विटर पर लिखा कि हम अपने दिल में निराशा लिए और अपने सपने को पूरा किए बिना ऑस्ट्रेलिया से लौट रहे हैं, लेकिन इस इवेंट से हम कुछ अच्छी यादों को लेकर जा रहे हैं। ग्रुप के तौर पर बेहतर होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि स्टेडिम में आकर हमें सपोर्ट करने के लिए हर एक फैन को शुक्रिया। इस जर्सी को पहनकर और इस देश के लिए खेलकर मुझे हमेशा गर्व महसूस होता है।
बता दें कि गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल के मैदान पर इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में जगह बना ली, जहां उनका मुकाबला पाकिस्तान से होना है। कोहली गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
इस मैच से पहले कोहली को चार हजार रन के आंकड़े को छूने के लिए 42 रन की दरकार थी। उन्होंने सेमीफाइनल में 40 गेंद में चार चौकों और एक छक्के से 50 रन की पारी खेली। कोहली के नाम अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 115 मैच में 52.73 की औसत से 4,008 रन दर्ज हैं जिसमें एक शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं।
सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 148 मैच में 31.32 की औसत से 3853 रन बनाए हैं। उनके नाम पर चार शतक और 29 अर्धशतक दर्ज हैं।
भारत का अगला दौरा न्यूजीलैंड की सीमित ओवर की सीरीज है, जिसमें टीम तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे खेलेगी जो 18 नवंबर से शुरू होंगे। हार्दिक पंड्या वहां टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।