Virat Kohli Video Viral: फैन ने होटल रूम का वीडियो किया वायरल, भड़के विराट कोहली, अनुष्का बोलीं- अब तक की सबसे बुरी घटना

Virat Kohli Video Viral: विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मैसेज के साथ फिर से शेयर करते हुए कहा कि वह इस तरह की हरकत से खुश नहीं हैं

अपडेटेड Oct 31, 2022 पर 5:56 PM
Virat Kohli Video Viral: फैन ने होटल रूम का वीडियो किया वायरल, भड़के विराट कोहली

Virat Kohli Video Viral: विराट कोहली (Virat Kohli) ने सोमवार को अपने एक फैन के उनके होटल के कमरे का वीडियो (Hotel Room Video) शूट करने और इसे वायरल करके उनकी 'निजता (Privacy) का हनन' करने की निंदा की।

कोहली ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मैसेज के साथ फिर से शेयर करते हुए कहा कि वह इस तरह की हरकत से खुश नहीं हैं।

मौजूदा T20 विश्व कप (T20 World Cup) में खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया (Australia) में मौजूद कोहली ने लिखा, "मैं समझता हूं कि फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखकर खुश और उत्साहित होते हैं और उनसे मिलने के लिए रोमांचित होते हैं और मैंने हमेशा इसकी सराहना की है।


उन्होंने कहा, "लेकिन यह वीडियो भयावह है और इससे मैं अपनी निजता को लेकर काफी परेशान महसूस कर रहा हूं।"

कोहली ने कहा, "अगर मैं अपने होटल के कमरे में प्राइवेसी नहीं रख सकता, तो फिर मैं कहां प्राइवेसी की उम्मीद कर सकता हूं? मैं इस तरह के निजता के हनन से खुश नहीं हूं। कृपया लोगों की प्राइवेसी का सम्मान करें और उनके साथ मनोरंजन की वस्तु की तरह व्यवहार नहीं करें।"

‘किंग कोहली के होटल का रूम’ नाम के टाइटल के इस वीडियो में एक आदमी कोहली की निजी चीजों के बीच कमरे में घूमता दिख रहा है। इस वीडियो में कोहली के ‘हेल्थ सप्लीमेंट’, जूते, खुला हुआ सूटकेस दिख रहा है। इसमें उनकी भारत की जर्सी, कैप और मेज पर पड़ा चश्मा शामिल है।

ऐसा लगता है कि जब वीडियो शूट किया गया, तब एक से ज्यादा व्यक्ति कमरे के अंदर थे और वे शायद होटल स्टाफ के सदस्य थे।

भारतीय टीम के सदस्य सोमवार को पर्थ से एडीलेड के लिए रवाना हुए, जहां उन्हें बुधवार को बांग्लादेश से भिड़ना है। भारत को मौजूदा टी20 विश्व कप में पहली हार का सामना करना पड़ा, जब उसे रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट से शिकस्त दी।

Virat Kohli Video Viral: पत्नी अनुष्का ने भी जताई नाराजगी

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) ने भी इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया है। वार्नर ने कोहली की पोस्ट पर कॉमेंट किया, "यह हास्यास्पद है, पूरी तरह से अस्वीकार्य है।"

कोहली की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने भी प्राइवेसी का अनादर करने वाले लोगों पर निशाना साधा।

अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "कुछ घटनाओं का अनुभव किया है, जहां फैंस ने अतीत में कोई संवेदना नहीं दिखाई, लेकिन यह सबसे बुरा है। ये किसी इंसान का अपमान है। अगर कोई सोचता है कि आप सेलिब्रिटी हो, तो इस तरह की चीजों से निपटना पड़ेगा, तो आप भी इस समस्या का हिस्सा हैं।"

BCCI का ऐतिहासिक फैसला, अब महिला-पुरुष क्रिकेटरों को एक समान मिलेगी मैच फीस

उन्होंने लिखा, "कुछ आत्म नियंत्रण से हर किसी को मदद मिलती है। साथ ही अगर आपके बेडरूम में ऐसा हो रहा है, तो फिर हद कहां है।"

इस साल जनवरी में भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान ब्रॉडकास्टर्स की तरफ से बेटी वामिका की तस्वीरें दिखाए जाने के बाद विराट और अनुष्का ने मीडिया से अनुरोध किया था कि इन तस्वीरों को पब्लिश न करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।