विश्व कप (ICC World Cup-2023) अपने चरम पर है। अब भारत सहित दुनिया भर के क्रिकेट फैंस इस टूर्नामेंट में होने वाले सबसे बड़े मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप का महामुकाबला शनिवार यानी 14 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि इस मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस ओपनर शुभमन गिल के फिट होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं अब भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर और 2011 विश्प कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे युवराज सिंह ने शुभमन गिल के लिए एक खास मैसेज भेजा है।
युवराज सिंह ने शुभमन गिल को किया मोटिवेट
गिल डेंगू की चपेट में आने के बाद ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के पहले दो मैचों में नहीं खेल पाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मैच में उनकी भागीदारी पर सवाल मंडरा रहे थे। लेकिन शुभमन गुरुवार को नेट प्रैक्टिस करते हुए देखे गए। न्यूज18 से एक्सक्लूसिव बात करते हुए युवराज ने कहा कि उन्होंने गिल को फोन किया और कहा कि वह उठें और खेलें क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच बहुत अहम है। युवराज ने कहा कि मैंने उसे फोन किया और उससे कहा, मैं दो बार डेंगू में खेला हूं, विश्व कप में भी मेरी तबीयत ठीक नहीं थी। तो खड़ा हो जा और खेल क्योंकि यह एक बहुत ही अहम मैच है।
युवराज ने की इंडियन टीम की तारीफ
युवराज ने आगे कहा कि वैसे भी अगर वह बेहतर महसूस कर रहा होता तो वह खेलता। लेकिन वायरल या डेंगू से उबरना वाकई मुश्किल है। यह आपके शरीर से सब कुछ चूस लेता है। मुझे लगता है कि वह वास्तव में उस खेल को खेलने के लिए उत्सुक है। भारत के पूर्व क्रिकेटर ने दबाव की स्थिति से निपटने की भारत की क्षमता की सराहना की, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल में देखने को मिली थी। विराट कोहली और केएल राहुल के बीच 165 रन की साझेदारी ने टीम को 1.5 ओवर में 2 विकेट पर 3 रन से उबार लिया। मुझे लगा कि हमने पहले गेम में कुछ जल्दी विकेट खोने के बाद दबाव को वास्तव में अच्छी तरह से संभाला। गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और जैसा कि हम अपने देश में जानते हैं, हमने स्थिति का फायदा उठाया।