WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग का आज होगा आगाज, गुजरात और मुंबई में होगी भिड़ंत, जानें कब और कहां देखें लाइव

WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग के जरिए अब महिला क्रिकटरों को अपने खेल को अगले स्तर पर ले जाने का शानदार मौका मिलेगा। सभी को पैसे के साथ एक अलग अनुभव भी मिलने वाला है। मुंबई टीम की अगुवाई भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तान हरमनप्रीत कौर करेंगी। वहीं, गुजरात की कमान विकेटकीपर बेथ मूनी हाथों में है। दोनों टीमों के बीच यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला शाम 7.30 बजे से मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा

अपडेटेड Mar 04, 2023 पर 6:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
WPL 2023: इस सीजन का पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स वीमेन और मुंबई इंडियंस वीमेन के बीच खेला जाएगा

महिला प्रीमियर लीग (WPL 2023) के पहले सीजन का आज यानी शनिवार (4 मार्च) को आगाज होगा। इस सीजन का पहला मुकाबला गुजरात जायंट्स वीमेन (Gujarat Giants Women) और मुंबई इंडियंस वीमेन (Mumbai Indians Women) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला शाम 7.30 बजे से मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। मुंबई टीम की अगुवाई भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) करेंगी। वहीं, गुजरात की कमान विकेटकीपर बेथ मूनी (Beth Mooney) हाथों में है।

महिला प्रीमियर लीग के आज से शुरू होने के साथ भारतीय क्रिकेट में नए युग का उदय होगा। महिला खिलाड़ियों को अपने खेल को अगले स्तर पर ले जाने के लिए जरूरी अनुभव मिलने के साथ बड़ी धनराशि और ग्लैमर का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। शनिवार को गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले से 21 मैचों का यह टूर्नामेंट शुरू होगा। WPL दिग्गज और स्थापित खिलाड़ियों के साथ स्नेहा दीप्ति और जासिया अख्तर जैसे खिलाड़ियों के बारे में होगा।

स्नेहा यह साबित करना चाहेगी कि मां बनने के बाद भी उनके जुनून में कोई कमी नहीं आई है। वहीं, जम्मू और कश्मीर की जासिया को बड़े शॉट लगाने के लिए जाना जाता है। वह इस टूर्नामेंट से उमरान मलिक जैसी ख्याति हासिल करना चाहेंगी। इसके अलावा हरमनप्रीत, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा के लिए इस लीग से करीबी मैचों को जीतने हुनर मिल सकता है। इन खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम वैश्विक टूर्नामेंटों के बड़े मुकाबलों में संघर्ष करती रही है।


5 टीमें और 87 खिलाड़ी शामिल

महिला प्रीमियर लीग में कुल पांच टीमें और 87 खिलाड़ी शामिल है। इसमें 15 साल की कम उम्र की खिलाड़ी को भी दुनिया के दिग्गजों के साथ खेलने और ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा। टूर्नामेंट में दो नॉकआउट मैच सहित कुल 21 मुकाबले होंगे। इन सभी मैचों को मुंबई के दो स्टेडियमों में खेला जाएगा। WPL ने क्रिकेट की दुनिया में उत्साह पैदा किया है जिसमें पांच फ्रेंचाइजी टीमों को कुल 4,669 करोड़ रुपये में बेचा गया है। इसमें अदाणी ग्रुप द्वारा गुजरात फ्रेंचाइजी को 1,289 करोड़ रुपये में खरीदना शामिल है।

खिलाड़ियों की नीलामी में पांच फ्रेंचाइजियों द्वारा कुल 59.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे न केवल खिलाड़ियों की वित्तीय स्थिति में सुधार होने के साथ युवाओं के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित होगा। खिलाड़ियों की नीलामी में भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति सबसे महंगी रहीं। मुंबई में आयोजित नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (RCB) ने उन्हें 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा और उम्मीद के मुताबिक उन्हें कप्तान बनाया।

कब और कहां देखें लाइव

गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच पहला मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा। मैच 4 मार्च को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। गुजरात जायंट्स वीमेन और मुंबई इंडियंस वीमेन के बीच मैच का लाइव प्रसारण भारत में Sports18 नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग Jio Cinema app और वेबसाइट पर होगी।

ये भी पढ़ें- VIDEO: माथे पर चंदन का लेप, गले में रुद्राक्ष! पत्नी अनुष्का शर्मा संग विराट कोहली ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

गुजरात जायंट्स की संभावित प्लेइंग इलेवन: बेथ मूनी (कप्तान), सबभिनेनी मेघना, सोफिया डंकले, हरलीन देओल, डियांड्रा डॉटिन, अश्विनी कुमारी, एशले गार्डनर, हर्ले गाला, स्नेह राणा, मानसी जोशी, परुणिका सिसोदिया।

मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन: यास्तिका भाटिया, धारा गुज्जर, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), हेले मैथ्यूज, नट साइवर, अमेलिया केर, क्लो ट्रायॉन, पूजा वस्त्राकर, नीलम बिष्ट, जिंतिमनी कलिता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।