Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बेहद खराब स्तर पर बने रहने के बीच केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर काम करने की घोषणा की है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि सरकारी ऑफिस सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक खुले रह सकते हैं। आदेश में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए कर्मचारियों से वाहनों में साथ आने-जाने (व्हीकल पुलिंग) और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को भी कहा गया है।
आदेश में कहा गया, "यह सुनिश्चित करते हुए कि इसका किसी भी तरह से उत्पादकता पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़े। इन उपायों को मंत्रालयों/विभागों/संगठनों द्वारा अपनी कार्यात्मक आवश्यकताओं के अनुसार अपनाया जा सकता है।" इसमें कहा गया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (Delhi-NCR) में स्थित कार्यालयों के संबंध में अलग-अलग समय अपनाने की सलाह दी जाती है।
पीटीआई के मुताबिक, आदेश में कहा गया कि ऑफिस सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक खुले रह सकते हैं। इसमें कहा गया, "प्राइवेट गाड़ियों का उपयोग करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए व्हीकल पुलिंग करने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।"
दिल्ली में एक सप्ताह से जारी 'गंभीर' प्रदूषण स्तर के बाद एयर क्वालिटी में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन यह अब भी 'बहुत खराब' कैटेगरी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 दर्ज किया गया।
यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि केंद्रीय सचिवालय सेवा (CSS) अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक बॉडी ने 18 नवंबर को गंभीर प्रदूषण स्तर के चलते घर से काम करने (वर्क फ्रॉम होम), काम के अलग-अलग समय और सभी दफ्तरों में एयर प्यूरीफायर लगाने की मांग की थी।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के सचिव को लिखे पत्र में CSS फोरम ने कहा कि खराब एयर क्वालिटी का वर्कप्लेस पर उल्लेखनीय प्रभाव पड़ रहा है। इसमें कहा गया है कि कर्मचारियों को सांस लेने संबंधी समस्याएं, आंखों में जलन, थकान और सामान्य असुविधा जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं।