Get App

Delhi Pollution: केंद्रीय कर्मचारियों के ऑफिस जाने के समय में बदलाव, प्रदूषण के कारण नई एडवाइजरी जारी

Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए काम के समय में बदलाव किया है। दिल्ली की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के बेहद खराब स्तर पर बने रहने के बीच केंद्र सरकार ने गुरुवार (21 नवंबर) को अपने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर काम करने की घोषणा की

Akhileshअपडेटेड Nov 21, 2024 पर 7:36 PM
Delhi Pollution: केंद्रीय कर्मचारियों के ऑफिस जाने के समय में बदलाव, प्रदूषण के कारण नई एडवाइजरी जारी
Delhi air pollution: केंद्र ने दिल्ली में गंभीर वायु प्रदूषण को देखते हुए गुरुवार को अपने कर्मचारियों के लिए काम के अलग-अलग समय की घोषणा की

Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बेहद खराब स्तर पर बने रहने के बीच केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर काम करने की घोषणा की है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि सरकारी ऑफिस सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक खुले रह सकते हैं। आदेश में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए कर्मचारियों से वाहनों में साथ आने-जाने (व्हीकल पुलिंग) और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को भी कहा गया है।

आदेश में कहा गया, "यह सुनिश्चित करते हुए कि इसका किसी भी तरह से उत्पादकता पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़े। इन उपायों को मंत्रालयों/विभागों/संगठनों द्वारा अपनी कार्यात्मक आवश्यकताओं के अनुसार अपनाया जा सकता है।" इसमें कहा गया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (Delhi-NCR) में स्थित कार्यालयों के संबंध में अलग-अलग समय अपनाने की सलाह दी जाती है।

पीटीआई के मुताबिक, आदेश में कहा गया कि ऑफिस सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक खुले रह सकते हैं। इसमें कहा गया, "प्राइवेट गाड़ियों का उपयोग करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए व्हीकल पुलिंग करने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।"

दिल्ली में एक सप्ताह से जारी 'गंभीर' प्रदूषण स्तर के बाद एयर क्वालिटी में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन यह अब भी 'बहुत खराब' कैटेगरी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 दर्ज किया गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें