Digi Yatra App: अगर आप दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर जल्दी चेक-इन करना चाहते हैं तो अब दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। इसके जरिए आपको तमाम चेकिंग सेक्शनों से छुटकारा मिल जाएगा। पहले आपको जांच के लिए जो 2-3 घंटे खराब करने पड़ते थे, अब आप उससे बच जाएंगे।
DIAL ने एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म पर डिजीयात्रा ऐप (DigiYatra app) का बीटा वर्जन लॉन्च किया है जो यात्रियों को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर जल्दी से चेक-इन करने की अनुमति देगा।
ये यात्रियों के लिए एक बायोमेट्रिक एनेबल्ड सीमलैस ट्रेवल एक्सपीरियंस होने वाला है, जहां फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी के माध्यम में लोगों को अब एंट्री दी जाएगी। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, DIAL ने सोमवार 15 अगस्त को यह सुविधा शुरू की।
DIAL ने एक बयान में बताया कि इसका उद्देश्य पैसेंजर्स की एयरपोर्ट पर एंट्री पेपरलैस (Paperless) और सीमलैस (Seamless) तरीके से कराने का है। एयरपोर्ट मैनेजमेंट के अनुसार, यह सेवा शुरू हो जाने के बाद यात्रियों को अपना पहचान पत्र और बोर्डिंग पास (Boarding Pass) लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होगी।
यात्री को पहले अपने बोर्डिंग पास से जुड़ी पहचान स्थापित करने के लिए तमाम तरह की सूचनाएं देने के साथ ही जांच के लिए भी तमाम सेक्शनों से गुजरना पड़ता था, अब वो डिजीयात्रा ऐप का इस्तेमाल करके उन तमाम चीजों से बच सकेगा और जल्दी चेकइन कर पाएगा।
DIAL की ओर से कुछ समय पहले दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर इस आवश्यक सुविधा को स्थापित किया गया था। पहले से ही इस ऐप का परीक्षण किया गया था। लगभग 20,000 यात्रियों पर परीक्षण के दौरान इस सुविधा का उपयोग करवाया गया। इसके रिजल्ट बेहतर दिखने के बाद अब इसे बाकी लोगों के लिए भी लॉन्च कर दिया गया है।