Delhi AQI: दिल्ली की हवा हुई जहरीली! इस मौसम में पहली बार एयर क्वालिटी 'गंभीर' कैटेगरी में पहुंची

Delhi AQI Today: अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में एयर क्वालिटी बुधवार (13 नवंबर) को इस मौसम में पहली बार 'गंभीर' हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI मंगलवार को 334 रहा था। यह रोजाना शाम चार बजे दर्ज किया जाता है

अपडेटेड Nov 13, 2024 पर 6:54 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अधिकतर इलाके धुंध की चपेट में है

Delhi Gas Chamber: मौसम विभाग (IMD) के अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में एयर क्वालिटी बुधवार (13 नवंबर) को इस मौसम में पहली बार 'गंभीर' कैटेगरी में पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बढ़कर 418 पहुंच गया। दिल्ली के अधिकतर इलाके धुंध की चपेट में है। राष्ट्रीय राजधानी का 24 घंटे का औसत AQI मंगलवार को 334 रहा था। यह रोजाना शाम चार बजे दर्ज किया जाता है। वहीं, बुधवार को सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' कैटेगरी में थी और AQI 366 पर था।

AQI 0 से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब', 401-450 के बीच 'गंभीर' और 450 से अधिक होने पर 'अति गंभीर' कैटेगरी में माना जाता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के 36 निगरानी स्टेशनों में से 30 में एयर क्वालिटी 'गंभीर' कैटेगरी रही। दिल्ली के आस-पास के राज्यों में पराली जलाने से स्थिति और बिगड़ गई है। इससे शहर में धुंध की मोटी चादर छा गई।


दिल्ली में बुधवार सुबह इस मौसम में पहली बार घना कोहरा देखने को मिला। घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी जीरो हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि कम विजिबिलिटी के कारण कुछ उड़ानों के रूट्स बदल दिए गए।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि सुबह साढ़े 8 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई। वहीं, विभिन्न स्थानों पर रनवे विजुअल रेंज 125 से 500 मीटर के बीच रही। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बहुत घना कोहरा छाना शुरू हुआ, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में धुंध छा गई।

कई फ्लाइट्स का रूट बदला गया

दिल्ली में बुधवार सुबह जीरो विजिबिलिटी के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुई। दिल्ली एयरपोर्ट पर आने वाली कम से कम सात उड़ानों के रूट्स में बदलाव किया गया। वहीं, कई विमानों के परिचालन में देरी हुई। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में सुबह 5.30 बजे के आसपास बहुत घना कोहरा छाना शुरू हो गया और शहर के विभिन्न हिस्सों में विजिबिलिटी कम हो गई।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव 2024: सीएम एकनाथ शिंदे के बैग की EC अधिकारियों ने ली तलाशी, उद्धव ठाकरे, फडणवीस और अजित पवार की भी हो चुकी है जांच

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि खराब मौसम के कारण सुबह 7 बजे से छह उड़ानों को जयपुर भेजा गया है। वहीं, एक को लखनऊ की ओर रवाना किया गया। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि कुछ विमानों के परिचालन में देरी हुई है। फिलहाल, विजिबिलिटी की स्थिति में सुधार हो रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।