Delhi Flood Updates: एक घंटे में 5cm कम हुआ यमुना का पानी, CM केजरीवाल करेंगे समीक्षा बैठक, BJP AAP एक दूसरे पर साध रहे निशाना

Delhi Flood Updates: दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर घट रहा है और शहर में या ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। मंडलायुक्त अश्वनी कुमार ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भी हालात में सुधार हो रहा है। दिल्ली के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद यमुना में जलस्तर खतरे के निशान के पार चला गया

अपडेटेड Jul 15, 2023 पर 2:53 PM
Story continues below Advertisement
भारतीय सेना इंजीनियरिंग रेजिमेंट के अधिकारी और सहायक कर्मचारी ITO पर यमुना ब्रिज गेट खोलने का काम करते हुए (PHOTO-PTI

Delhi Flood Updates: भले ही यमुना (Yamuna River) का जल स्तर (Water Level) धीरे-धीरे कम होने लगा हो, लेकिन दिल्ली (Delhi) के निचले इलाकों में बाढ़ (Flood) जैसी स्थिति अब भी बनी हुई है। शुक्रवार रात आठ बजे यमुना का जलस्तर 208.12 मीटर दर्ज किया गया, जो अभी भी नदी के 'खतरे' के निशान 205.33 मीटर से काफी ऊपर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले 4-5 दिनों तक गरज के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी देते हुए, येलो अलर्ट जारी किया है।

इस बीच पूरे शहर में पीने के पानी की सप्लाई भी ठप हो गई है। जल सप्लाई में 265 MGD (प्रति दिन मिलियन गैलन) की कमी के साथ, ओखला में 20 MGD की क्षमता वाला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू किया गया था। वजीराबाद और चंद्रावल में बाकी दो प्लींट अभी भी बंद हैं।

Delhi Flood Updates:


दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर घट रहा है और शहर में या ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। मंडलायुक्त अश्वनी कुमार ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भी हालात में सुधार हो रहा है।

दिल्ली के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद यमुना में जलस्तर खतरे के निशान के पार चला गया, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और निचले इलाकों में रह रहे हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।

कुमार ने कहा, "यमुना में जलस्तर घट रहा है और हमें दिल्ली तथा ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अभी भारी बारिश का अनुमान नहीं है। प्रभावित इलाकों में भी हालात में सुधार आ रहा है।"

मॉनसून और महंगाई को लेकर की चिंताएं घटी, बाजार में ये सेक्टर और स्टॉक्स आगे मचाएंगे धमाल- एन जयकुमार

उन्होंने शहर में बाढ़ की स्थिति पर काबू पाने के लिए ‘अथक रूप से’ काम कर रहे अधिकारियों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों की तरफ से निशाना साधे जाने पर भी नाखुशी जाहिर की।

कुमार ने कहा कि अधिकारियों पर निराधार आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा, "यह अधिकारियों का ध्यान भंग करता है।"

यमुना में तीन दिन तक जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद शुक्रवार से इसमें कमी आनी शुरू हुई। शनिवार को सुबह 10 बजे तक जलस्तर कम होकर 207.43 मीटर पर पहुंचा जबकि बृहस्पतिवार रात आठ बजे यमुना का जल स्तर 208.66 मीटर था। बहरहाल, यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से दो मीटर से ऊपर पर बह रही है।

राहत कैंप में लोगों को सुविधा मुहैया कराने का निर्देश

दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने शनिवार को मुख्य सचिव नरेश कुमार को पत्र लिख यह सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों को शौचालयों तक पहुंच हासिल हो और उन्हें बिजली-पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। आतिशी ने मुख्य सचिव से इन समस्याओं को फौरन हल करने को कहा।

कुमार को लिखे पत्र में आतिशी ने कहा, “राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर कल (शुक्रवार) से शिकायतें आ रही हैं, जिनमें पानी और शौचालयों की कमी, बिजली न होना, खाने की खराब क्वालिटी शामिल है।”

उन्होंने कहा, “जिन लोगों को बाढ़ की वजह से उनके घरों से हटाया गया है, वे हमारी जिम्मेदारी हैं और उन्हें हर संभव सुविधा मुहैया कराए जाने की जरूरत है।”

आतिशी ने कुमार को राहत शिविरों में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लापरवाही के कारण राहत शिविरों में रह रहे लोगों को कठिनाई होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

'जलमग्न इलाकों में न तैरें न सेल्फी लें'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बाढ़ का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है और लोगों को जलमग्न इलाकों में न तो तैरने की कोशिश करनी चाहिए और न ही सेल्फी लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री की यह अपील ऐसे वक्त में आई है, जब उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर चौक इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, "कई जगहों से ऐसी खबरें हैं कि कुछ लोग जलमग्न इलाकों में खेलने जा रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं या वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। कृपया ऐसा न करें, यह जानलेवा हो सकता है। बाढ़ का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। पानी का बहाव काफी तेज है, और जलस्तर किसी भी वक्त बढ़ सकता है।"

उन्होंने दिल्ली के शांतिवन इलाके में बाढ़ के पानी में खेल रहे बच्चों का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा, "मैं सबसे अपील करता हूं कि ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है।"

राजधानी में मध्यम बारिश के आसार: IMD

इसस पहले राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन में शहर में मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया है।

विभाग ने दिल्ली में बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है, जो ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में कई दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद यमुना में जलस्तर के खतरे के निशान के पार जाने के कारण बाढ़ का सामना कर रही है।

‘येलो’ अलर्ट मौसम की खराब स्थिति के प्रति सचेत करता है, जो और भी बिगड़ सकती है और जिससे रोजमर्रा की गतिविधियां बाधित हो सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।