Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा जारी तस्वीरों में राजधानी में शुक्रवार को आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) के टर्मिनल 3 पर घना कोहरा देखा गया। इसके साथ ही दिल्ली में लगातार तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार सुबह सात बजे विजिबिलिटी कम होकर 100 मीटर तक रह गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा था कि अगले कुछ दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को शहर में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री कम 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD ने 14 और 15 जनवरी को पूर्वी और आसपास के मध्य भारत में बारिश की संभावना जताई है, जो इसके बाद काफी कम हो जाएगी और अगले चार-पांच दिन उत्तर भारत में बहुत घना कोहरा रहेगा। घने कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट रनवे पर कोहरा होने की वजह से 100 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, क्योंकि इस अवधि के दौरान आमतौर पर मौसम शुष्क रहता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार की सुबह वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही और AQI सुबह नौ बजे 290 दर्ज किया गया। फरीदाबाद में एक्यूआई 219, गाजियाबाद में 296, गुरुग्राम में 220, ग्रेटर नोएडा में 294 और नोएडा में 253 दर्ज किया गया।
आपको बता दें कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।