Haridwar Hate Speech Case: हरिद्वार 'धर्म संसद' भड़काऊ भाषण मामले में वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र त्‍यागी गिरफ्तार

वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी को नारसन बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया

अपडेटेड Jan 14, 2022 पर 9:30 AM
Story continues below Advertisement
वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी को नारसन बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया

Haridwar Dharma Sansad Hate Speech Case: हरिद्वार में हाल ही में संपन्न ‘धर्म संसद’ में हुए कथित भड़काऊ भाषण के संबंध में उत्तराखंड पुलिस ने गुरुवार को वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र रावत ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि रिजवी को रूड़की के नारसन बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। कुछ महीने पहले ही हिंदू धर्म के साथ जितेंद्र नारायण त्यागी का नाम अपनाने वाले लखनऊ निवासी 52 वर्षीय रिजवी सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ इस मामले में नामजद FIR दर्ज की गई है।

रिजवी पहले उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के प्रमुख रह चुके हैं। हरिद्वार में 17 से 19 दिसंबर तक आयोजित ‘धर्म संसद’ में हुए कथित घृणा भाषणों के संबंध में यह पहली गिरफ्तारी है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होंगी, पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह आगे की विवेचना पर निर्भर करेगा।


UP Elections 2022: यूपी की 172 सीटों पर BJP ने तय किए उम्मीदवारों के नाम, मुख्यमंत्री योगी और डिप्टी सीएम यहां से लड़ेंगे चुनाव

गौरतलब है कि धर्म संसद में दिए गए कथित ‘घृणा भाषणों’ के मामले में कार्रवाई करने के लिए राज्य सरकार पर चौतरफा दबाव पड़ रहा था। इस मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने भी घटना के इतने दिनों बाद कोई कार्रवाई नहीं होने को लेकर राज्य सरकार की खिंचाई की थी।

यति नरसिंहानंद और साध्वी अन्नपूर्णा को नोटिस जारी

जितेंद्र त्यागी को गिरफ्तार करने के साथ ही दो अन्य आरोपियों यति नरसिंहानंद और साध्वी अन्नपूर्णा को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। ये तीनों उन अन्य लोगों में शामिल हैं, जिनके खिलाफ मामले में FIR दर्ज है। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि रिजवी को जहां गिरफ्तार किया गया है, वहीं यति नरसिंहानंद और साध्वी अन्नपूर्णा को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41 के तहत पेश होने के लिए नोटिस भेजे गए हैं।

यति नरसिंहानंद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित डासना मंदिर के पुजारी हैं, जोकि अपने बयानों को लेकर पहले भी विवादों में रहे हैं। यति नरसिंहानंद ने हरिद्वार में धर्म संसद का आयोजन किया था, जबकि साध्वी अन्नपूर्णा ने आयोजन में वक्ता के रूप में भाग लिया था, जहां मुसलमानों के खिलाफ कथित तौर पर भडकाऊ भाषण दिए गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।