UP Elections 2022: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 172 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए। बीजेपी नेताओं के मुताबिक पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को चुनाव मैदान में उतार सकती है। पार्टी ने जिन 172 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया है, उनमें से अधिकांश पर पहले और दूसरे चरण में मतदान होना है।
पार्टी प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है। बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 172 सीटों पर विचार विमर्श हुआ। उन्होंने दावा किया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
पीएम मोदी ने भी बैठक में लिया हिस्सा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्यों ने पार्टी मुख्यालय में बैठक में हिस्सा लिया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी डिजिटल माध्यम से इस बैठक से जुड़े।
बता दें कि कि नड्डा, राजनाथ और गडकरी पिछले दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। पिछले दो दिनों से बीजेपी में बैठकों का दौर जारी है। अब तक हुई बैठकों के दौरान बीजेपी की चर्चाओं के केंद्र में उत्तर प्रदेश रहा। पार्टी ने जहां अपने उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की, वहीं अपने सहयोगियों को साधने की भी कोशिश की है।
सीएम योगी अयोध्या से लड़ सकते हैं चुनाव
सूत्रों ने बताया कि इन बैठकों के दौरान पार्टी के भीतर सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या सीट से चुनाव लड़ाने को लेकर भी चर्चा हुई है लेकिन इसके बारे में अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) पर छोड़ दिया गया है। योगी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं। वह पांच बार गोरखपुर से सांसद रह चुके हैं। सीईसी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देती है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक आदित्यनाथ को अयोध्या और मौर्य को सिराठु से विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा जा सकता है। जबकि दिनेश शर्मा को राजधानी लखनऊ की किसी सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
यूपी में 7 चरणों में होंगे चुनाव
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होगा और इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। जबकि दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, 3 मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और 7 मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। 10 मार्च को मतगणना होगी।