दिल्ली (Delhi) सरकार ने 26 दिसंबर को डेली COVID-19 मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगाने की घोषणा की। राजधानी शहर की संक्रमण दर 0.5 फीसदी के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आज 290 नए मामले दर्ज किए, जो छह महीने में सबसे ज्यादा है।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले घोषणा की थी कि पॉजिटिविटी रेट 0.5 प्रतिशत को पार करने के बाद नाइट कर्फ्यू फिर से लगाया जाएगा। बेहद संक्रामक ओमीक्रोन प्रकार के कारण होने वाले COVID-19 संक्रमणों का पता लगाने के बाद से कई राज्य सरकारों ने रात में कर्फ्यू लगाना शुरू कर दिया है।
बता दें कि दिल्ली सरकार ने कोरोनावायरस की दूसरी लहर के बाद जुलाई में संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए "ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान" (GRAP) तैयार किया था। GRAP के तहत 4 लेवल पर अलर्ट तैयार किए गए हैं।
GRAP के मुताबिक अगर लगातार 2 दिन तक संक्रमण दर 0.5% रहती है, तो दिल्ली में GRAP के तहत लेवल-1 यानी येलो अलर्ट लागू हो जाता। वहीं इसके 1% से ज्यादा होने पर लेवल-2 यानी अंबर अलर्ट। 2% से ज्यादा होने पर लेवल-3 यानी ऑरेंज अलर्ट और 5% से ज्यादा होने पर लेवल-4 यानी रेड अलर्ट जारी किया जाएगा।
दरअसल दस जून को राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के 305 और मौत के 44 मामले सामने आए थे। दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या अब 14,43,352 जबकि मृतकों की तादाद 25,105 हो गई है। इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,103 है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और कर्नाटक में भी दोबारा नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।