Delhi-NCR Rains: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार (31 जुलाई) भारी बारिश हुई, जिससे शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न हो गए और ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे लोग घंटों तक फंसे रहे। भारी बारिश के कारण 7 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से दो मौत दिल्ली में, तीन गुरुग्राम में और दो ग्रेटर नोएडा में हुई है। दिल्ली में एक महिला और उसका बच्चा पानी से भरे नाले में फिसलकर डूब गए। जबकि गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, ग्रेटर नोएडा में दादरी इलाके में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली 10 उड़ानों को मूसलाधार बारिश के कारण डायवर्ट किया गया। इनमें से आठ उड़ानों को जयपुर और दो को लखनऊ डायवर्ट किया गया। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की शाम कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। शाम को ऑफिस से घर जाने वालों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण दिल्ली आने वाली 10 उड़ानों को डायवर्ट कर आसपास के शहरों में उतारा गया। इसके अलावा कई उड़ानों के टेकऑफ में देरी हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि शाम 5.30 बजे से रात 8.30 बजे तक हुई दिल्ली के सफदरगंज केंद्र पर 79.3 मिमी और पालम केंद्र पर 43.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। IMD के ऑटोमेटिक मौसम केंद्र नेटवर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम 6.30 बजे से 9.30 बजे तक मयूर विहार केंद्र पर 122 मिमी और लोदी रोड केंद्र पर 85 मिमी बारिश हुई।
भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी समेत नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के कई इलाकों में पानी भर गया। दिल्ली और उससे सटे इलाकों में 31 जुलाई की शाम करीब तीन घंटे झमाझम बारिश हुई। कई सड़कों पर जाम लग गया। साउथ एक्सटेंशन इलाके में वाहन रेंगते नजर आए। नोएडा में भी कई स्थानों पर जाम लग गया।
दिल्ली के लुटियंस जोन, महादेव रोड अशोका रोड और जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होती रही।
सभी स्कूल 1 अगस्त को बंद रहेंगे
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने घोषणा की कि भारी बारिश के कारण शहर में गुरुवार यानी 1 अगस्त को सभी स्कूल बंद रहेंगे। मंत्री ने बुधवार 31 जुलाई को X पर एक पोस्ट में कहा, "आज शाम हुई बहुत भारी बारिश और कल भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूल एक अगस्त को बंद रहेंगे।"
बारिश के कारण बुधवार शाम बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया और ट्रैफिक बाधित हो गया, जिससे सड़कों पर अव्यवस्था फैल गई। भारी बारिश ने शहर के बुनियादी ढांचे को बुरी तरह प्रभावित किया है और जलमग्न हुई सड़कों पर वाहन फंसे हुए हैं।
मूसलाधार बारिश के कारण मौसम विभाग ने राष्ट्रीय बाढ़ दिशानिर्देश बुलेटिन में दिल्ली को 'चिंता वाले क्षेत्रों' की सूची में शामिल किया। विभाग ने लोगों को घरों के अंदर ही रहने, खिड़कियों और दरवाजों को सुरक्षित रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।