राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश होने से शहर वासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। IMD के मुताबिक, दिल्ली में सुबह से ही बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में वीकेंड में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है, क्योंकि शनिवार और रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
IMD ने शुक्रवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में बादलों की गर्जन के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया था। दिल्ली में अधिकतम तापमान के करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पिछले पांच दिनों में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से गरीब और बेसहारा 50 लोगों के शव बरामद किए गए। हालांकि, पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि उनकी मौत गर्मी से होने वाली बीमारियों के कारण हुई है या किसी दूसरी वजह से।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में दोपहर एक बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 173 दर्ज किया गया, जो कि 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच AQI ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बहुत खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।
पूरे उत्तर भारत में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने के कारण, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को छोड़कर ज्यादातर हिस्सों से लू की चेतावनी अब वापस ले ली है।
IMD ने शुक्रवार को अपने लेटेस्ट फोरकास्ट में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 21 से 24 जून तक और जम्मू संभाग में 23 से 25 जून तक लू चलने की संभावना है और उसके बाद यह कम हो जाएगी।
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों के दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र के ज्यादा हिस्सों, विदर्भ के बाकी हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के बाकी हिस्सों और झारखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा।