Delhi Weather updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार (12 दिसंबर) को सुबह का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही, गुरुवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही, क्योंकि दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। IMD ने कहा कि दिसंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 14 वर्षों में पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 दिसंबर, 1987 को 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 11 से 13 दिसंबर के बीच दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2023 और 2022 में शीतलहर वाले दिन नहीं होंगे।
हालांकि, नवंबर 2020 में शीत लहर की स्थिति देखी गई, जिसमें न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शीतलहर तब होती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य दिन के तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है।
IMD ने चेतावनी दी है गुरुवार रात को दिल्ली-NCR का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। एक दिन पहले बुधवार को शहर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी भी हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बर्फ से ढकी पहाड़ियों से आ रही ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान में गिरावट आई है। ये गिरावट बुधवार से ही शुरू हो गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 दिसंबर (शुक्रवार) को भी न्यूनतम पारा 4 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम एक-एक डिग्री ऊपर चढ़ेगा। मौसम विभाग ने 17 दिसंबर से NCR में घने कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंड की आशंका भी जताई है। लगातार बढ़ती ठंड के साथ-साथ दिल्ली समेत पूरे एनसीआर का मौसम भी साफ बना हुआ है, जिसकी वजह से पारे में ज्यादा गिरावट दर्ज की जा रही है।
दिल्ली से सटे नोएडा में AQI 110 के आसपास और ग्रेटर नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स 150 के आसपास बना हुआ है। जबकि दिल्ली में औसत एक्यूआई 265 दर्ज किया गया है। दिल्ली के तीन से चार इलाके ऐसे हैं जहां पर AQI 300 के पार पहुंचा हुआ है। बाकी सभी इलाकों में एक्यूआई 300 के नीचे ही दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अचानक पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर वालों को देखने को मिल रहा है। लोगों को अभी तक ज्यादा सर्दी का अहसास नहीं हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह से ही कड़ाके की ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है।