धनतेरस (Dhanteras) को धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, इसे कार्तिक महीने में कृष्णपक्ष के 13वें दिन मनाया जाता है। इस साल धनतेरस 10 नवंबर को है। धनतेरस के साथ दिवाली (Diwali) के त्योहार की शुरुआत हो जाती है। धनतरेस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा रही है। यह माना जाता है कि धनतेरस पर सोना, चांदी या बरतन खरीदने से घर-परिवार में खुशहाली आती है। धनतेरस पर भगवान धनवंतरी की पूजा भी होती है। उन्हें आयुर्वेद का देवता माना जाता है। बताया जाता है कि धनतेरस के दिन ही समुद्र मंथन से धनवंतरी का आगमन हुआ था। इसलिए धनतेरस पर धनवंतरी की पूजा से अच्छा स्वास्थ्य भी मिलता है।
