बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मंगलवार को नए साल और क्रिसमस के मद्देनजर मुंबई में सार्वजनिक समारोहों के लिए नए सख्त आदेश जारी किए। नए आदेश में पार्टी के आयोजकों के लिए 200 से अधिक लोगों को आमंत्रित किए जाने पर अधिकारियों से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
बीएमसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि बंद स्थानों में, "6×6 फीट की दूरी को सख्ती से बनाए रखते हुए" 50 प्रतिशत क्षमता के अनुसार लोगों को उपस्थित रहने की अनुमति होगी। दूसरी ओर खुले स्थानों पर किये जाने वाले आयोजनो में भी 6 फिट की दूरी बनाये रखते हुए क्षमता के केवल 25 प्रतिशत लोगों को उपस्थित रहने की अनुमति दी जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोनवायरस के ओमीक्रोन वैरिएंट के दो सौ मामलों का पता चला है जिनमें से महाराष्ट्र और दिल्ली में प्रत्येक नए संस्करण के 54 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 22 मुंबई से हैं जो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग के जरिये पाए गए हैं। इसके कुछ घंटों बाद ही नए नियमों की गाइडलाइंस जारी हुई।
बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने एक दिन पहले नागरिकों से आगामी क्रिसमस त्योहार और नए साल के दौरान सभाओं और पार्टियों से बचने की अपील की थी और साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
अपनी अपील में चहल ने कहा “मुंबईकर किसी भी तरह की भीड़ से बचें, मास्क पहनें और COVID-19 दिशानिर्देशों का पालन करें। सभी नागरिकों को भी पूरी तरह से टीका लगवाना चाहिए, " कमिश्नर ने कहा कि लोगों को होटल, रेस्तरां, सिनेमा, मॉल और अन्य स्थानों पर भी सभी नियमों का पालन करना चाहिए। बीएमसी ने नियमों का ेउल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए वार्ड स्तर पर दस्ते तैनात किए हैं।