Tax Collection: सरकार की कमाई में जबरदस्त उछाल, डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 26% बढ़कर 13.63 लाख करोड़ पर पहुंचा

Tax Collection: रिफंड एडजस्ट करने के बाद चालू वित्त वर्ष में अब तक नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 11.35 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें इंडिविजुअल और कॉरपोरेट टैक्स शामिल हैं। यह बजट में पूरे साल के लिए तय लक्ष्य का करीब 80 फीसदी है

अपडेटेड Dec 18, 2022 पर 6:04 PM
मौजूदा वित्त वर्ष में अब तक ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 26 फीसदी बढ़कर 13.63 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है.

Tax Collection: मौजूदा वित्त वर्ष में अब तक ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 26 फीसदी बढ़कर 13.63 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस वृद्धि में TDS डिडक्शन और कॉरपोरेट एडवांस टैक्स कलेक्शन के बेहतर प्रदर्शन का खास योगदान रहा है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. इसके मुताबिक, रिफंड एडजस्ट करने के बाद चालू वित्त वर्ष में अब तक नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 11.35 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें इंडिविजुअल और कॉरपोरेट टैक्स शामिल हैं। यह बजट में पूरे साल के लिए तय लक्ष्य का करीब 80 फीसदी है। चालू वित्त वर्ष के लिए डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन का बजट अनुमान 14.20 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछले वित्त वर्ष 2021-22 के 14.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक था। प्रत्यक्ष करों के लिए कॉर्पोरेट और इंडिविजुअल इनकम पर टैक्स बनता है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने एक बयान में कहा कि 17 दिसंबर, 2022 तक 2.28 लाख करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए जा चुके हैं जो एक साल पहले की तुलना में 68 फीसदी अधिक है।

CBDT का बयान 

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने एक बयान में कहा कि 13,63,649 करोड़ रुपये के सकल संग्रह में कॉरपोरेट टैक्स 7.25 लाख करोड़ रुपये और इंडिविजुअल इनकम टैक्स (पीआईटी) 6.35 लाख करोड़ रुपये शामिल है। मजबूत टैक्स कलेक्शन से पता चलता है कि कंपनियों और इंडिविजुअल दोनों की कमाई में वृद्धि के साथ अर्थव्यवस्था महामारी से उबर गई है। टैक्स कलेक्शन में 5.21 लाख करोड़ रुपये का एडवांस टैक्स कलेक्शन, 6.44 लाख करोड़ रुपये का टीडीएस और 1.40 लाख करोड़ रुपये का सेल्फ-असेसमेंट टैक्स शामिल है।


एडवांस टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े

मौजूदा वित्त वर्ष की पहली, दूसरी और तीसरी तिमाही के लिए एडवांस टैक्स कलेक्शन 5.21 लाख करोड़ रुपये रहा, जिसमें 12.83 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। इसमें 3.97 लाख करोड़ रुपये का सीआईटी और 1.23 लाख करोड़ रुपये का पीआईटी शामिल है। सीबीडीटी के बयान के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में अब तक, आय और कॉर्पोरेट टैक्स से नेट कलेक्शन 11.35 लाख करोड़ रुपये है, जो पिछले वित्तीय वर्ष (2020-2021) की इसी अवधि में एकत्र किए गए 9,47,959 करोड़ रुपये से 19.81 प्रतिशत अधिक है। इसमें क्रमशः 6.06 लाख करोड़ रुपये और 5.26 लाख करोड़ रुपये सीआईटी और पीआईटी संग्रह शामिल हैं। सीबीडीटी ने आगे कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान दाखिल आयकर रिटर्न के प्रोसेसिंग की गति में बढ़ोतरी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।