रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा है कि उनका ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर बहुत भरोसा है। अंबानी ने कहा, "मेरा ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी पर भरोसा है और यह क्रिप्टोकरेंसी से अलग है।" उन्होंने ये भी कहा, "ब्लॉकचेन भरोसे और बराबरी वाले समाज के लिए काफी अहम है।"
GIFT सिटी से वर्चुअली इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) के इनफिनिटी फोरम को दिए एक इंटरव्यू में मुकेश अंबानी ने ब्लॉकचेन के बारे में अपनी ये राय रखी है।
क्रिप्टोकरेंसी के रेगुलेशन के लिए सरकार बिल बना रही है। RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास उन लोगों में शामिल हैं जिनका मानना है कि ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी क्रिप्टोकरेंसी के बिना भी चलती रहेगी।
अंबानी ने कहा, "ब्लॉकचेन के इस्तेमाल से किसी भी तरह के ट्रांजैक्शन को सुरक्षा, भरोसा, ऑटोमेशन और ऐसी सहूलियत मिलेगी जो पहले कभी ना मिली हो।" उन्होंने कहा, "हमारे सप्लाई चेन को भी बेहतर बनाने में इसका इस्तेमाल हो सकता है।" उन्होंने कहा कि अगले लेवल के फाइनेंशियल इनोवेशन के लिए यह बेहतरीन मौका मुहैया करा रहा है।
अंबानी ने कहा, "ब्लॉकचेन ने आज नॉन-फंजिबल टोकन (NFT) के लिए एकदम नया कॉनसेप्ट तैयार किया है। यह टेक्नोलॉजी रियल टाइम ट्रांजैक्शन और सेटलमेंट्स लागू करने की सहूलियत दे सकती है। लैंड, प्रॉपर्टी, गोल्ड और दूसरे तरह के एसेट्स के ओनरशिप के डिजिटाइजेशन में मददगार है।"