Retail Inflation: फरवरी में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.07% पर पहुंची, थोक महंगाई पहले से उच्च स्तर पर

खाने-पीने की चीजों के दाम में आई तेजी से फरवरी में Retail Inflation यानी खुदरा महंगाई की दर बढ़कर 6.07 फीसदी पर पहुंच गई

अपडेटेड Mar 14, 2022 पर 7:08 PM
फरवरी में रिटेल इंफ्लेशन में मामूली बढ़ोतरी

Retail Inflation: खाने-पीने की चीजों के दाम में आई तेजी से फरवरी में रिटेल इंफ्लेशन यानी खुदरा महंगाई की दर बढ़कर 6.07 फीसदी पर पहुंच गई। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस (NSO) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2022 में कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) आधारित रिटेल इंफ्लेशन की दर 6.07 फीसदी रही। एक साल पहले इसी महीने में यह 5.03 फीसदी रही थी, जबकि जनवरी 2022 में यह 6.01 फीसदी थी।

आंकड़ों से पता चलता है कि फरवरी में खुदरा महंगाई बढ़ने की मुख्य वजह खाने-पीने की चीजों के दाम में आई बढ़ोतरी रही। पिछले महीने खाने-पीने से जुड़े उत्पादों की कीमतें 5.89 फीसदी बढ़ीं, जबकि जनवरी में यह 5.43 प्रतिशत बढ़ी थीं।


यह भी पढ़ें- बाजार में हफ्ते की अच्छी शुरुआत, निफ्टी 241 और सेंसेक्स 936 अंक चढ़ा, जानिए कल कैसी रह सकती है इसकी चाल

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) हर दो महीने पर होने वाली अपनी मॉनिटरी पॉलिसी रिव्यू के समय कंज्यूमर प्राइस पर आधारित महंगाई पर ही विचार करती है। भारत सरकार ने RBI को महंगाई दर 4 फीसदी पर बनाए रखने का जिम्मा दिया है, जिसमें 2 फीसदी ऊपर या नीचे होने की गुंजाइश है।

थोक महंगाई का हाल

थोक कीमतों पर आधारित मंहगाई दर फरवरी में 13.11 फीसदी रही। यह लगातार 11वां महीना है जब थोक महंगाई दर दोहरे अंक में रहा है। इसके पीछे कच्चे तेल और गैर-फूड आइट्स की कीमतों में बढ़ोतरी एक अहम वजह रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।