Retail Inflation : नवंबर महीने में रिटेल इनफ्लेशन बढ़कर 4.91 फीसदी हो गई, जो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की टारगेट रेंज की ऊपरी सीमा के करीब है। साथ ही यह तीन महीने का उच्चतम स्तर है। सोमवार को जारी सरकारी डाटा के मुताबिक, महंगाई बढ़ने की मुख्य वजह फल और सब्जियों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही है। इससे पहले अक्टूबर में सीपीआई बेस्ड इनफ्लेशन (CPI-based inflation) 4.48 फीसदी और नवंबर, 2020 में 6.93 फीसदी रही थी।
आरबीआई ने रिटेल इनफ्लेशन के लिए ऊपर और नीचे दोनों की तरफ 2 फीसदी के मार्जिन के साथ 4 फीसदी का लक्ष्य तय किया है। नवंबर में इनफ्लेशन का आंकड़ा लगातार पांचवें महीने सेंट्रल बैंक के लक्ष्य के भीतर रहा है।
पिछले हफ्ते, सेंट्रल बैंक ने 4 फीसदी पर रेपो रेट को अपरिवर्तित रखा और नए कोविड-19 वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) की चिंताओं के मद्देनजर अपना नरम रुख जारी रखने का फैसला किया था। हालांकि आरबीआई ने कहा था कि निकट भविष्य में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।