इंडिया को कोयले की सप्लाई में रूस तीसरे पायदान पर पहुंचा, कीमतों में डिस्काउंट से बढ़ा आयात

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से रूस से इंडिया का कोयले का आयात पांच गुना बढ़कर 15 अरब डॉलर पहुंच गया है। रूस ने इस साल फरवरी में यूक्रेन पर हमला शुरू किया था

अपडेटेड Aug 04, 2022 पर 4:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इंडिया को कोयले का एक्सपोर्ट करने में इंडोनेशिया पहले पायदान पर है।

रूस (Russia) जुलाई में इंडिया को कोयले की सबसे ज्यादा सप्लाई करने वाला तीसरा देश बन गया। पिछले महीने रूस से इंडिया को कोयले की आपूर्ति 20 फीसदी बढ़कर 20.6 लाख टन रही। इंडियन कंसल्टेंसी Coalmint के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

इससे पहले इंडिया को कोयले की आपूर्ति करने में रूस छठे पायदान पर था। इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका से इंडिया सबसे ज्यादा कोयले का आयात करता रहा है। इंडिया का मानना है कि आरबीआई की तरफ से कमोडिटीज का पेमेंट रुपये में करने की मंजूरी मिल जाने के बाद रूस से द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें : अनिल अग्रवाल ने लंदन में वेदांता की लिस्टिंग के लिए जब 100 किमी चलाई थी साइकिल


यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से रूस से इंडिया का कोयले का आयात पांच गुना बढ़कर 15 अरब डॉलर पहुंच गया है। रूस ने इस साल फरवरी में यूक्रेन पर हमला शुरू किया था। इंडिया दुनिया में कोयले का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक, आयातक और कंज्यूमर है।

इंडिया लंबे समय से कोकिंग कोल का आयात करता रहा है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से स्टील के उत्पादन में होता है। इंडिया कोकिंग कोल का आयात रूस और ऑस्ट्रेलिया से करता है। लेकिन, रूस की तरफ से भारी डिस्काउंट ऑफर होने के बाद इंडिया ने हाल के महीनों में थर्मल कोल की खरीदारी बढ़ाई है। इसका इस्तेमाल बिजली उत्पादन में होता है।

इंडिया ऐसे वक्त रूस से डिस्काउंट के साथ कोयला खरीद रहा है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोयले की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। इसकी वजह रूस पर अमेरिका और पश्चिमी देशों की तरफ से लगाया गया प्रतिबंध है। इसका असर कोयले की आपूर्ति पर पड़ा है।

रूस से थर्मल कोल का आयात जून के मुकाबले 70.3 फीसदी बढ़कर जुलाई में रिकॉर्ड 12.9 लाख टन हो गया। कोकिंग कोल का आयात दो-तिहाई बढ़कर 2,80,000 टन से ज्यादा रहा। यह जानकारी कोलमिंट के डेटा पर आधारित है।

इंडिया को कोयले का एक्सपोर्ट करने में इंडोनेशिया पहले पायदान पर है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका का स्थान है। तीसरे पायदान पर रूस है। हालांकि, रूस और दक्षिण अफ्रीका से इंपोर्ट में ज्यादा फर्क नहीं है। इंडिया के दो ट्रेडर्स ने बताया कि रूस के कोयले का आयात करने में सीमेंट और स्टील कंपनियां सबसे आगे हैं।

कोलमिंट के डेटा के मुताबिक, इंडिया में जुलाई का कोयले का कुल आयात करीब 10 फीसदी घटकर 2.38 करोड़ टन रहा। इसमें एंथ्रासाइट और पीसीआई का शिपमेंट शामिल है। जून में इंडिया ने कुल 2.69 करोड़ टन कोयले का आयात किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।