India GDP Forecast: वर्ल्ड बैंक (World Bank) ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2022 के लिए भारत के जीडीपी ग्रोथ (India GDP growth) रेट अनुमान को 8.3 फीसदी पर बरकरार रखा है। हालांकि उसने वित्त वर्ष 2023 और वित्त वर्ष 2024 के लिए भारत के अपने अनुमान को बढ़ाकर क्रमश: 8.7 फीसदी और 6.8 फीसदी कर दिया है। वॉशिंगटन मुख्यालय वाले वर्ल्ड बैंक ने मंगलवार को जारी ग्लोबल इकोनॉमिक प्रॉस्पेक्टस रिपोर्ट (Global Economic Prospectus Report) में यह अनुमान जताया।
वर्ल्ड बैंक का यह अनुमान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन भारत सरकार ने अपने पहले आधिकारिक पूर्वनुमान में वित्त वर्ष 2022 में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट के 9.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
वर्ल्ड बैंक ने भारत के अलावा अमेरिका, यूरोपीय यूनियन, चीन और जापान सहित दुनिया की लगभग सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को लेकर अनुमान जारी किया और चेतावनी दी कि विकसित देशों में आय में बढ़ती असमानता और कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के सात आर्थिक ग्रोथ सुस्त पड़ सकती है।
वर्ल्ड बैंक ने बताया कि साल 2021 में ग्लोबल ग्रोथ रेट 5.5 फीसदी रही। हालांकि 2022 में इसमें 'स्पष्ट' गिरावट के संकेत है और यह 4.1 फीसदी रह सकती है। वहीं 2023 में यह और घटकर 3.2 फीसदी पर आ सकती है। वर्ल्ड बैंक ने इसके पीछे पेंट-अप डिमांड के धीमा पड़ने और सरकारों की तरफ से महामारी में बड़े पैमाने पर जारी किए वित्तीय उपायों के असर के कम पड़ने को वजह बताया।
वहीं अगर चीन की बात करें तो, वर्ल्ड बैंक ने वित्त वर्ष 2022 के लिए चीन के जीडीपी ग्रोथ रेट अनुमान को 8.5 फीसदी से घटाकर 8 फीसदी कर दिया। साथ ही वित्त वर्ष 2023 और वित्त वर्ष 2024 में वर्ल्ड बैंक ने चीन की आर्थिक विकास दर में और धीमी पड़ने और इसके क्रमश: 5.1 फीसदी और 5.3 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।