CBSE Board 12th Term 2 Results 2022: सीबीएसई बोर्ड 12वीं के रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा 12वीं टर्म-2 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। छात्र रोल नंबर और स्कूल नंबर का उपयोग करके आधिकारिक वेबसाइट- cbse.gov.in और results.cbse.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
CBSE की 12वीं कक्षा के परिणामों के मुताबिक, 92.71 फीसदी छात्र पास हुए हैं। हालांकि, पिछले साल की तुलना में ये प्रतिशत कम है। पिछली साल 99.37 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। छात्राओं ने छात्रों से 3.29 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़के 91.25 फीसदी और लड़कियां 94.54 प्रतिशत पास हुई हैं। टर्म-2 को 70 फीसदी वेटेज दिया गया है, जबकि टर्म-1 को 30 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।
एक से दो दिन में आ सकता है 10वीं का रिजल्ट
सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सीबीएसई कक्षा 10वीं टर्म 2 परीक्षा के रिजल्ट भी एक से दो दिन में घोषित होने की संभावना है। बोर्ड ने अभी तक 10वीं के नतीजों की घोषणा नहीं की है। आपको बता दें कि 35 लाख से अधिक छात्र अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यहां चेक कर सकेंगे रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट, results.gov.in, cbse.gov.in, results.cbse.nic.in और cbresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र डिजिलॉकर ऐप (Digilocker app) और वेबसाइट digilocker.gov.in के जरिए भी रिजल्ट देख सकते हैं। वहीं, UMANG ऐप के जरिए भी देखा जा सकता है।
- रिजल्ट चेक और डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट- cbse.gov.in या cbresults.nic.in पर जाएं।
- इसके बाद कक्षा 12वीं रिजल्ट लिंक CBSE 12th result 2022 पर क्लिक करें।
- फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर दर्ज करें।
- अब कक्षा 12वीं का रिजल्ट आपके स्क्रीन पर दिख जाएगा।
- इसके बाद आप PDF स्कोरकार्ड डाउनलोड कर अपने पास रख लें।
35 लाख छात्र कर रहे हैं रिजल्ट का इंतजार
अधिकारियों ने बताया कि CBSE 10वीं और 12वीं टर्म-2 परीक्षा 2022 में लगभग 35 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें से 10वीं की परीक्षा में 21 लाख और 12वीं की परीक्षा में 14 लाख छात्र उपस्थित हुए थे। दोनों कक्षाओं की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हुई थी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 मई तक चली थी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 जून तक थीं।
कोरोना के कारण दो साल बाद हुई परीक्षा
कक्षा 10वीं की परीक्षा इस बार दो साल बाद आयोजित की गई थी। इससे पहले, सीबीएसई ने COVID-19 के बढ़ते मामलों के कारण कक्षा 10वीं के लिए फिजिकली परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था। टर्म 1 की परीक्षा ऑब्जेक्टिव-बेस्ड फॉर्मेट में आयोजित की गई थी, जबकि टर्म 2 की परीक्षा ऑफलाइन आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों को सब्जेक्टिव सवालों के जवाब देने होते थे।
CBSE की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास करने के लिए छात्रों का न्यूनतम 30 फीसदी अंक होना जरूरी है। 10वीं और 12वीं के जिन छात्रों के मार्क्स अपेक्षा अनुरूप नहीं आएंगे, वे कॉपी स्क्रूटनी करा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को प्रति विषय 500 रुपये का शुल्क चुकाना होता है। इसके अलावा यदि छात्र एक या दो सब्जेक्ट में फेल हो जाते हैं तो कंपार्टमेंट परीक्षा देकर पास हो सकते हैं।